खोराबार थाने में अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराया गया व्यापारी राजू
खोराबार रामनगर कड़जहां चौराहे से बुधवार की सुबह फारच्यूनर सवार छह युवकों ने चौरीचौरा के किराना व्यापारी राजू गुप्ता का अपहरण कर लिया। व्यापारी के साथ जा रहीं उनकी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। उसके बाद सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने खोराबार के अलावा चौरीचौरा व झंगहा पुलिस को अलर्ट कर दिया।
सक्रिय हुई तीनों थाने की पुलिस ने पांच घंटे बाद व्यापारी को झंगहा क्षेत्र के रामपुर स्थित कपड़े की दुकान से मुक्त करा लिया और वहां मौजूद दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने राजू की तहरीर पर चार नामजद सहित छह लोगों पर अपहरण, धमकी देने, मारपीट के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
चौरीचौरा के भौवा बाजार निवासी राजू गुप्ता की चौराहे पर किराने की दुकान है। राजू बुधवार की सुबह दस बजे बाइक से पत्नी के साथ बेलवार निवासी रिश्तेदार के वहां मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। अभी वे खोराबार के रामनगर कड़जहां के पास पहुंचे थे कि फारच्यूनर सवारों ने उन्हें रोक लिया। बंदूक के दम पर जबरन राजू को गाड़ी में बैठा लिया और मोतीराम अड्डा की तरफ फरार हो गए। व्यापारी की पत्नी ने गाड़ी में बैठे गुड्डूू नाम के युवक को पहचान लिया। पत्नी ने उसकी सूचना सीओ कैंट को दी। सीओ सुमित शुक्ला ने तत्काल क्राइम ब्रांच और खोराबार, चौरीचौरा व झंगहा पुलिस को सक्रिय किया। पुलिस ने पांच घंटे बाद राजू को झंगहा इलाके के रामपुर स्थित कपड़े की दुकान से ढूंढ निकाला।
व्यापारी को दो युवकों ने वहां जबरन बैठा रखा था। अपहरणकर्ताओं ने राजू की गाड़ी में पिटाई भी की थी। उनके शरीर पर कई जगहाें पर चोट के निशान थे। व्यापारी की तहरीर पर खोराबार पुलिस ने गुड्डू यादव, गुड्डु प्रधान, प्रभुनाथ निषाद, संजय निषाद और दो अज्ञात समेत छह पर मारपीट, अपहरण और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। सीओ कैंट सुमित शुक्ला का कहना है कि व्यापारी को मुक्त करा लिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मुख्य अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुर्गी फार्म पर ले जाकर कुछ देर कमरे में बंद किया था
पुलिस के अनुसार पकड़े गए दोनों युवकों ने बताया कि राजू को लेकर वे मोतीराम अड्डा, फुटहवा इनार चौराहा, फुलवरिया, नई बाजार होते होते हुए राप्ती के तिघरा घाट स्थित मुर्गी फार्म पर ले गए। वहां एक कमरे में कुछ देर बंद कर दिया।
पिता को बैठाया तो व्यापारी को छोड़ने पर मजबूर हुए आरोपी
व्यापारी की पत्नी के बताए अनुसार पहचान में आए आरोपी युवक गुड्डू के पिता को पुलिस ने उठा लिया। उसके बाद अपहरणकर्ताओं ने दो युवकों के साथ व्यापारी को बाइक से झंगहा चौराहे पर कपड़े की दुकान पर लाकर बैठा दिए। व्यापारी को लाने वाले युवक वहीं पास में ही छिप गए। इधर पुलिस ने व्यापारी का मोबाइल फोन नंबर सर्विलांस पर लगा दिया था और उसके लोकेशन के आधार पर झंगहा पहुंच गई।
आंख पर बांध दी थी पट्टी, खुद को बता रहे थे क्राइम ब्रांच
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटे राजू गुप्ता ने बताया कि फुलवरिया पहुंचने के बाद आरोपियों ने उनकी आंख पर पट्टी बांध दी थी। वे खुद को क्राइम ब्रांच में तैनात बता रहे थे। आरोपी आपस में बात कर रहे थे कि इसे नेपाल सीमा में ले जाकर गोली मार देंगे। आरोपियों ने राजू से कहा कि उनके क्षेत्र में आकर जमीन खरीदे हो, जिंदा रहना चाहते हो तो उसे हमें बेच दो।
बीस लाख की जमीन के लिए घटना की आशंका
राजू ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले झंगहा के माईधिया पोखरी के पास बीस लाख रुपये में जमीन खरीदी है। कुछ लोग उस जमीन को जबरन कम रकम में खरीदना चाहते हैं। आशंका है कि इसी के लिए घटना को अंजाम दिया गया है।
व्यापारी पर दर्ज है दुष्कर्म के आरोप में केस
कुछ महीने पहले इलाके की एक युवती ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए व्यापारी राजू गुप्ता पर भी केस दर्ज कराया था। थाने पर आए एक दल के कुछ लोगों ने घटना को पेशबंदी का मामला बताया। हालांकि पुलिस घटना को सही मान रही है।