करोड़पति बनने के चक्कर में 41 हजार रुपये गंवाने वाले चंदप्रकाश।
‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नाम पर 41 हजार हड़पे
गोरखपुर। करोड़पति बनने के चक्कर में एक शख्स ने 41 हजार रुपये गंवा दिए। रकम पाने के बाद जालसाज ने उसके मोबाइल पर 25 लाख का चेक भेजा। उसने 80 हजार रुपये यह कहकर और मांगे कि इस बार एक करोड़ का चेक डाक से भेजा जाएगा, लेकिन अबकी युवक को जालसाजी की भनक लग गई। उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी है।
कुशीनगर के मूल निवासी चंद्र प्रकाश तिवारी चौरीचौरा के बसडीला स्थित अपने ननिहाल में रहते हैं। कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह कौन बनेगा करोड़पति से बोल रहा है। उसने कुछ आसान सवाल पूछे और बताया कि आपने 25 लाख रुपये जीते हैं। उसने 25 लाख का चेक व्हाट्सएप पर भेजकर खाता नंबर दिया और उसमें 41 हजार डालने को कहा। उसने रकम आने के बाद चेक डाक के जरिए भेजने का वादा किया। लालच में फंसे युवक ने उसके खाते में रुपये डाल दिए। दोबारा जालसाज ने फोन कर 80 हजार और मांगे। साथ ही एक करोड़ का चेक भेजने का वादा किया, लेकिन युवक को ठगी का एहसास हो गया। बता दें कि कौन बनेगा करोड़पति में एंकर अमिताभ बच्चन रोज यह संदेश दे रहे हैं कि किसी भी प्रतिभागी से कार्यक्रम के लिए रकम नहीं मांगी जाती। जालसाजों से सावधान रहें।