स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव के लिए गोरखपुर-महराजगंज जिले के सभी ब्लाकों पर मतदान के लिए बूथ बनाया जाएगा। इसके अलावा जिला पंचायत हॉल में भी एक बूथ बनेगा। यह बूथ इस चुनाव का वीआईपी बूथ होगा, जहां पर सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य वोटर होंगे। उनके अलावा जिला पंचायत सदस्य व पार्षद यहीं अपना वोट डालेंगे।
स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए एमएलसी का कार्यकाल 15 जनवरी को खत्म हो चुका है। चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है पर निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए बूथों का निर्धारण किया जा रहा है। जिला पंचायत हॉल में बनने वाले बूथ पर दो सांसद, 9 विधायक के अलावा एक एमएलसी मतदाता होंगे। उनके अतिरिक्त 73 जिला पंचायत सदस्य, 70 पार्षद यहीं वोट डालेंगे। इसके अलावा बाकी के मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है। इस सूची में पिछले पंचायत चुनाव में जीते क्षेत्र पंचायत सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट में शामिल किया जा रहा है।
माना जा रहा है कि उनका कार्यकाल 13 मार्च तक है। इसके अलावा नए गठित ग्रामसभाओं के प्रधान भी मतदाता होंगे, जो ग्रामसभाएं गठित नहीं की जा सकी हैं, वहां के प्रधान वोट नहीं डाल पाएंगे। जिला पंचायत सदस्यों को वोटर बनाने के लिए सभी की फोटो वोटरलिस्ट में लगाने के लिए मांगी गई है। वार्ड वार सदस्यों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। वार्ड नं. एक से जो जीता है उसका नाम सबसे ऊपर होगा। वार्ड न. 73 से जीते सदस्य का नाम सबसे आखिर में होगा। इसकी प्रक्रिया पूरी कर उसे निर्वाचन कार्यालय में भेजा जाएगा। जिला पंचायतराज अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि जिला पंचायत के सदस्यों को 6 फरवरी तक हर हाल में अपनी फोटो देकर पहचान पत्र बनवाने का निर्देश दिया गया है।