गोरखपुर। एक्साइज ड्यूटी और पैन कार्ड की अनिवार्यता के विरोध में बंदी कर रहे सराफा कारोबारियों के समर्थन में कई व्यापारिक संगठन भी आ गए हैं। पेट्रोल पंप, सिनेमा घर समेत बाजार बंद रहेंगे। विभिन्न एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने अपना समर्थन पत्र भी सराफा कारोबारियों को दिया है।
रविवार को सराफा मंडल के अध्यक्ष शरद चंद अग्रहरि ने कहा कि मंडल ही नहीं पूरे देश के सभी सराफा व्यापारी एवं कारीगर दुकानें बंद कर एक महीने से विरोध जाता रहे हैं मगर केंद्र सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। जिस वजह से सभी व्यापारिक संगठनों का समर्थन लिया जा रहा है।
संयुक्त व्यापार मंडल के सीताराम जायसवाल और सत्येंद्र सिंह मुन्ना ने कहा कि किराना की सभी दुकानें समर्थन में बंद रहेंगी। चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय कुमार सिंघानिया ने भी समर्थन दिया है। समर्थन में आए थोक वस्त्र व्यवसायी वेलफेयर सोसाइटी के राजेश नेथानी ने कहा कि कपड़ों की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। गोरखपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल टिबड़ेवाल, प्रमोद टिबड़ेवाल ने कहा कि सराफा व्यापारियों के साथ हो रहे अन्याय के विरोध में गोरखपुर के सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद रखने का फैसला कर चुके हैं। पेट्रोल एसोसिएशन ने सुबह दस से चार बजे तक पंप बंद रखने का समर्थन किया है। पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के मणिनाथ गुप्ता ने भी अपना समर्थन दिया।