मंडलीय कारागार के जेलर डॉ. आरके सिंह और डिप्टी जेलर प्रणय सिंह को गनर दे दिए गए हैं। दोनों को बंदियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने सुरक्षा मुहैया कराने के लिए डीएम को पत्र भेजा था।
मंडलीय कारागार में एक कैदी की मौत पर हुए बवाल के बाद से ही जेल में व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई है। जेल प्रशासन लगातार स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहा है। दहशत में आए बंदी रक्षक अंदर घुसने की हिम्मत ही नहीं जुटा पा रहे हैं। सोमवार को वरिष्ठ जेल अधीक्षक एसके शर्मा खुद बंदी रक्षकों को लेकर जेल का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान कई स्थानों पर ईंट, पत्थर, लोहे के रॉड आदि मिले जिसे कब्जे में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि जेल की स्थिति सामान्य हो रही है। उधर, घायल बंदी रक्षकों की हालत में भी सुधार हो रहा है। कुछ को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
बवाली बंदियों से पूछताछ करेगी शाहपुर पुलिस
जेल में उत्पात मचाने वाले बंदियों को शाहपुर पुलिस रिमांड पर लेगी। जेल चौकी प्रभारी ने दर्ज मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी है। मुकदमे में नामजद बंदियों को एक-एक कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। जेल चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का नक्शा तैयार कर लिया है।
इस पूरे मामले में बंदी रक्षक, जेलर, डिप्टी जेलर और वरिष्ठ जेल अधीक्षक का भी पुलिस बयान लेगी। पुलिस ने जेल अधीक्षक की तहरीर पर 13 नामजद समेत सैक़ड़ों बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।