रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए आईआरसीटीसी की एक टीम ने बृहस्पतिवार को स्टेशन का सर्वे किया। टीम ने सर्कुलेटिंग एरिया में निर्माण के लिए खाली स्थानों को देखा। अधिकारियों ने टीम को स्टेशन का मैप उपलब्ध कराया। इसी मैप के आधार पर टीम ले आउट तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजेगी।
रेलवे ने देश के कुछ चुनिंदा स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के तौर पर विकसित करने का फैसला किया है। इस श्रेणी में गोरखपुर रेलवे स्टेशन को भी शामिल किया गया है। इसके लिए स्टेशन स्थित पानी की टंकी के पास 100 कमरों का एक होटल बनेगा और जंक्शन पर बने तीनों फुट ओवरब्रिज आपस में जोड़े जाएंगे। साथ ही शॉपिंग कॉम्पलेक्स, मॉल, फूड प्लाजा और आनलाइन टैक्सी के लिए स्टैंड भी बनाया जाएगा।
इसी क्रम में आईआरसीटीसी की टीम ने बृहस्पतिवार को रेल अफसरों के साथ खाली स्थानों के उपयोग और स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने पर काफी देर तक चर्चा की। चर्चा के दौरान ही एक फर्म से अधिकारियों ने इन्वेस्टमेंट को लेकर बात की। फर्म से एक प्रस्ताव भी मांगा गया है। आईआरसीटीसी के डीजीएम नीलेश कुमार ने कहा कि जंक्शन पर हाई क्लास यात्री सुविधाओं के साथ ही स्टेशन को भी सुसज्जित करना है।