अयोध्या प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद नेपाल से भारत में आवागमन पूरी तरह से बंद किया जा सकता है। इसे लेकर एसएसबी और पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। अफसर इस पर अभी खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं लेकिन इशारों में यह जरूर कहते हैं कि जरूरत पड़ी तो नेपाल सीमा को बंद किया जाएगा। वहां पर सतर्कता बढ़ाई गई है।
नेपाल से सटे गांवों के 150 लोग पाबंद किए गए
आईबी के एक अफसर के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़ी नेपाल सीमा के आसपास के गांवों के करीब 150 लोगों को पाबंद किया गया है। बिहार पुलिस इसे लेकर पहले सतर्क हुई थी। बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमा वाले थानों की पुलिस बैठक भी कर चुकी है।
नेपाल पुलिस के साथ एसएसबी कर चुकी है बैठक
नेपाल, एसएसबी और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त बैठक भी इसे लेकर हो चुकी है। सारे अफसरों ने आपस में नंबरों का आदान-प्रदान भी किया है ताकि कोई भी संदिग्ध दिखे तो इसकी सूचना आपस में साझा की जा सके।