सांसद आदित्यनाथ ने पुस्तक मेले का शुभारंभ किया।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
कचहरी क्लब मैदान में शुक्रवार शाम राष्ट्रीय पुस्तक मेले का भव्य आगाज हुआ। 10 दिनों तक चलने वाले इस मेले का शुभारंभ सदर सांसद योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पुस्तकें व्यक्ति की सच्ची साथी होती हैं। लोगों को इनके अध्ययन की आदत बनानी चाहिए।
आयोजकों की हौसलाफजाई करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि पुस्तकें बुद्धि का खुराक होती हैं, ऐसे में पूर्वांचल की पांच करोड़ जनसंख्या के लिए मेले का आयोजन एक नेक और उपयोगी कार्य है। उन्होंने आयोजकों से अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले का आयोजन करने को कहा और इसमें सहयोग का आश्वासन भी दिया। उधर मेले के पहले दिन प्रकाशकों के आने और पुस्तक सजाने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। 50 से ज्यादा प्रकाशकों ने देर शाम तक अपने स्टाल सजा लिए थे।
आयोजक संस्था नवसृजन साहित्य मंच के निदेशक आशीष रंजन ने बताया कि यह मेला 25 सितंबर तक चलेगा। हर दिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक पाठक यहां किताबों का अवलोकन और खरीदारी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले का आकर्षण बढ़ाने के लिए हर दिन तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
आज के कार्यक्रम
शाम पांच बजे : पेंटिंग प्रतियोगिता
शाम सात बजे : फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता