महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र के पनियरा खास कस्बे में पत्नी ने पति को शराब पीने से मना किया तो वह गुस्से में आ गया और गला दबाकर पत्नी को मौत की नींद सुला दिया। उसके बाद हत्यारा पति घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस को घटना की जानकारी हुई तो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आरोपी पति की तलाश में जुट गई।
घटना के दौरान बच्चे स्कूल गए हुए थे। बताया गया कि पति दिनेश शराब के नशे का आदि है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर नोकझोंक होती थी। चर्चा है कि मंगलवार को भी पत्नी ने शराब पीने से मना किया तो दिनेश गुस्से में आया गया। वह इतना आक्रोशित हो गया कि पत्नी इंदू की गला दबाकर हत्या कर दी।
जब इंदू छटपटा कर मर गई गई तो दिनेश घर से फरार हो गया। दोपहर करीब दो बजे बच्चे स्कूल से घर पहुंचे तो मां को जमीन पर मृत देख आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। गांव के लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में बताया। वहीं बच्चों ने घटना की जानकारी कमासिन खुर्द निवासी अपने नाना शिब्बन को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंदू की शादी पच्चीस वर्ष पूर्व दिनेश के साथ हुई थी। पति दिनेश नशे में हर रोज पत्नी को मारता पीटता था। अपनी कमाई का एक भी हिस्सा नहीं देता था। जब कभी पत्नी शराब पीने से मना करती थी तो वह उसे पीटता था। पत्नी बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए गांव में ही एक छोटी सी किराने की दुकान चलाती थी। उससे जो रकम मिलती थी उससे बच्चों और अपनी जरूरतों को पूरा करती थी। मृतका के पिता शिब्बन ने दामाद के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है।
पनियरा थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल करने के साथ ही हत्यारोपी पति की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही सटीक जानकारी मिलेगी।