हॉकी : गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम फाइनल में पहुंची
गोरखपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश हॉकी की ओर बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के एस्ट्रोटर्फ के मैदान पर खेली जा रही राज्य सब-जूनियर बालिका प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर गोरखपुर की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। शुक्रवार को प्रतियोगिता के पांचवें दिन सेमीफाइनल मुकाबले में गोरखपुर की टीम ने झांसी मंडल को एकतरफा मुकाबले में 12 गोलों से शिकस्त दी। शनिवार को गोरखपुर की खिताबी भिड़ंत लखनऊ की टीम से होगी।
खेल के तीसरे मिनट में गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज की प्रीति ने पहला गोल किया। सातवें मिनट में पुष्पांजलि ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल दागा। आठवें मिनट में प्रीति ने टीम के लिए तीसरा गोल किया। फिर शैल ने पेनाल्टी कार्नर पर दो गोल किया। उसके बाद पूर्णिमा ने हैट्रिक के साथ ताबड़तोड़ चार गोल कर डाले। गिन्नी ने दो और कंचन ने भी एक गोल किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में लखनऊ की टीम ने एकतरफा मुकाबले में वाराणसी मंडल पर 9-0 से जीत दर्ज की।