सिद्धार्थनगर : डेंगू के 10 और चिकनगुनिया के दो मरीज मिले
- हरकत में आया स्वास्थ्य महकमा, गांवों में दवा का छिड़काव
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिले में चिकनगुनिया के दो और डेंगू के 10 मरीज मिले हैं। इसकी जानकारी मिलते ही हरकत में आई स्वास्थ्य टीम ने पीड़ितों के गांवों में दवा का छिड़काव शुरू कर दिया है।
मौसम में बदलाव के साथ जिले में बीमारियां पांव पसारने लगी हैं। अब तक 12 लोग डेंगू और चिकनगुनिया की चपेट में आ चुके हैं। जांच में इनके डेंगू और चिकनगुनिया से पीड़ित होने की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि इलाज के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मच्छररोधी पैराथान नामक दवा का छिड़काव शुरू करवा दिया है। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि महकमा पूरी तरह से सतर्क है। गांवों में दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों से कहा जा रहा है कि वे अपने घर के आसपास पानी न जमा होने दें। उन्होंने बताया कि इटवा निवासी लक्ष्मी और गिरजेश चिकनगुनिया से पीड़ित हैं।
ये हैं डेंगू से पीड़ित : महंगीलाल (खेसरहा), सुरेंद्र बहादुर सिंह, प्रिंस (पथरा), आकाश, फैजान, विफई मौर्य (डुमरियागंज), नितेश (गोल्हौरा), अरमान, अखिलेश, विवेक कुमार (इटवा)।