विश्व के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म (1366.44 मीटर) वाले रेलवे स्टेशन के उत्तरी द्वार से प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब ट्रेनों का इंतजार करने के लिए उन्हें एफओबी से चलकर प्लेटफार्म एक या दो स्थित वेटिंग हाल पर जाने की जरूरत नहीं है।
प्लेटफॉर्म नौ पर पूर्वोत्तर रेलवे का पहला हैंगिंग एसी और स्लीपर वेटिंग हॉल यात्रियों के लिए बगैर किसी उद्घाटन की औपचारिकता के ही खोल दिया गया है।
यह वेटिंग हॉल पिलर पर बनाया गया है। नीचे गाड़ी पार्किंग और ऊपरी तल पर वेटिंग हाल को एफओबी से जोड़ दिया गया है। यहां बैठने के लिए स्टील के बेंच लगाए गए हैं। दोनों वेटिंग हॉल में 320 यात्री के बैठने की व्यवस्था है।
यात्रियों को ट्रेनों की हर पल की जानकारी मिलती रहेगी। इसके लिए अति आधुनिक साउंड सिस्टम लगाया गया है। टीवी डिस्प्ले बोर्ड पर भी ट्रेनों की सूचना मिलनी शुरू हो गई है। इसके अलावा ट्रेनों की समय सारिणी भी लगा दी गई है। खास बात यह है कि वेटिंग हॉल में बच्चों की देखभाल करने वाली माताओं के लिए अलग से बेबी फीडिंग रूम भी है।
पूर्वोत्तर रेलवे का पहला हैंगिंग वेटिंग हॉल गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर बनाया गया है। इसे अब यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। यात्रियों को उच्च गुणवत्ता के साथ बेहतर सुविधा मिलेंगी।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ एनई रेलवे