अब यूपी की पहचान कानून, सुशासन व तरक्की: योगी
एयरपोर्ट और एक्सप्रेस वे बनने के बाद आएगा निवेश, रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी
सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधा, बोले अब योजना के लाभ का एकमात्र जरिया पात्रता
अमर उजाला ब्यूरो
पीपीगंज (गोरखपुर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब यूपी की पहचान कानून, सुशासन और तरक्की है। अब दंगे नहीं होते हैं, अराजकता भी नहीं है। यूपी से नेपाल को जोड़ने वाली सभी सड़कों को फोरलेन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय, तहसील और विकास खंड मुख्यालय को भी फोरलेन और टू लेन सड़कों को जोड़ने का काम चल रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे भी यूपी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेस का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है। 2023 तक जेवर एयरपोर्ट का निर्माण पूरा हो जाएगा। इससे करीब एक करोड़ की आय होगी। जेवर एयरपोर्ट और तीनों एक्सप्रेस के शुरू होने के बाद रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। एयर और सड़क की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तो बड़े पैमाने पर निवेश आएगा।
मुख्यमंत्री ने सपा, बसपा और कांग्रेस को एक साथ निशाने पर लिया। बढ़या-ठाठर पुल के लोकार्पण के बाद कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के बान गांव में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चेहरा, जाति और मजहब देखकर योजनाओं का लाभ दिया जाता था। अब ऐसा नहीं है। भाजपा सरकार का एकमात्र मानक पात्रता है। इसी आधार पर आवास, शौचालय, रसोई गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन और बिजली कनेक्शन दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही खुशहाली का एकमात्र जरिया है। आने वाले समय में नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद की संख्या बढ़ेगी। नगर निगमों का भी विस्तार किया जाएगा। इससे लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलने लगेंगी। यह पहला मौका है, जब यूपी के हर जिले में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था एक समान है। बिजली आपूर्ति में वीआईपी कल्चर खत्म हो गया। सबको समान रूप से बिजली मिल रही है। बढ़या-ठाठर पुल का निर्माण कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक फतेह बहादुर सिंह और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र से विधायक राकेश सिंह बघेल के साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं की मांग पर पूरा कराया गया है।
स्मार्ट सिटी की तर्ज पर होगा स्मार्ट विलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांवों का भी संपूर्ण विकास स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट विलेज योजना के तहत किया जाएगा। शहरों की तरह बिजली, पानी, जलनिकासी समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
ग्रामीण क्षेत्र में दो वर्ष तक सेवा देंगे डॉक्टर
मुख्यमंत्री ने यूपी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं और कहा कि पिछले तीन सालों में 29 मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं। मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले डॉक्टरों से बांड भी भरवाए जा रहे हैं ताकि वे कम से कम दो वर्षों तक ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे सकें।
व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में अपराधियों का बोलबाला था। जैसे ही यूपी में भाजपा की सरकार बनी, वैसे ही कानून का राज कायम हुआ। अब अपराध करने से पहले अपराधी डरते हैं। इसी का नतीजा है कि यूपी में निवेश बढ़ा है। व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
विकास के प्रति समर्पित हैं मुख्यमंत्री
जनसभा में कैंपियरगंज के भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की और कहा कि मुख्यमंत्री विकास के प्रति समर्पित हैं। मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से पूरे प्रदेश के साथ ही गोरखपुर और कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में कई ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। एम्स और फर्टिलाइजर को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जाना चाहिए। अब इंटरनेशनल स्टेडियम भी बन रहा है। संतकबीर नगर के सांसद प्रवीण निषाद, मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल और पीपीगंज के नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा प्रसाद जायसवाल ने भी जनसभा को संबोधित किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने पीपीगंज रेलवे स्टेशन पर बादशाह नगर-बढ़नी-गोंडा-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, पनवेल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने रेल मंत्रालय को पत्र भेजकर ट्रेनों के ठहराव का भरोसा दिलाया है। इससे पहले विधायक फतेह बहादुर सिंह और राकेश सिंह बघेल ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र भेंट किया। वहीं, नेतवर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार समारोह में भीड़ देख सीएम ने दोनों विधायकों के साथ ही कार्यकर्ताओं का आभार जाताया।
इनकी रही मौजूदगी
सहजनवां विधायक शीतल पांडेय, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय मंत्री प्रदीप शुक्ला, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, उपाध्यक्ष शेषमणि त्रिपाठी, कमिश्नर जयंत नार्लीकर, जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन, एडीजी जोन दावा शेरपा, एडीजी रेंज जय नारायण सिंह, एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता, सीडीओ अनुज सिंह, मत्स्य निगम के अध्यक्ष रमाकांत निषाद, हियुवा जिलाध्यक्ष विजय शंकर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा जनार्दन तिवारी, मृत्युंजय सिंह, महेंद्र मिश्रा, मकसूदन मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि कैपियरगंज गणेश दत्त त्रिपाठी, दिनेश सिंह, बमभोले शाही, कैपियरगंज ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि बंशीधर जायसवाल, कैपियरगंज ब्लाक प्रमुख बृजेश यादव, मेहदावल ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि फूलचंद चौधरी भाजपा एवं हियुवा के लोग मौजूद।