पर्यटन विभाग के बदहाल गेस्ट हाउस के दिन जल्द ही बहुरेंगे। 34 कमरों वाले इस गेस्ट हाउस को एस्प्रा रिजार्ट्स एंड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक अतुल सर्राफ ने 30 साल की लीज पर लिया है। अब गेस्ट हाउस को बड़े होटल और रेस्टोरेंट का रूप दिया जाएगा। इसे शहर का बड़ा पर्यटन केंद्र बनाने की योजना भी है। पार्टी बुकिंग भी होगी। इसके एवज में कंपनी पर्यटन विभाग को हर साल करीब 78 लाख रुपये का भुगतान करेगा।
पर्यटन विभाग ने 1985-86 में रामगढ़ताल और सर्किट हाउस के पास बड़ा गेस्ट हाउस बनाया था। टूरिज्म कार्पोरेशन ऑफ यूपी ने दो साल तक संचालन भी किया लेकिन लगातार घाटा होता रहा। इसके बाद 2002 में इसे बंद कर दिया गया। देखरेख के अभाव में गेस्ट हाउस बदहाल हो गया। बाद में पर्यटन विभाग ने गेस्ट हाउस को लीज पर देने का फैसला किया। फरवरी में टेंडर भी निकाले गए।
शहर की एस्प्रा रिजार्ट्स एंड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने भी टेंडर डाला और इसे होटल के रूप में चलाने का अधिकार प्राप्त कर लिया। अब कंपनी गेस्ट हाउस की मरम्मत करा रही है। जल्द ही फूड प्लाजा, होटल और रेस्टोरेंट का संचालन शुरू होगा। कंपनी का सारा फोकस युवाओं को आकर्षित करना है। गोरखपुर, कुशीनगर, नेपाल सहित आसपास के जिलों में घूमने आने वाले पर्यटकों को भी लुभाने की योजना बनाई गई है। होटल और रेस्टोरेंट की सुविधाओं को फाइव स्टार जैसे बनाने की योजना है।
200 लोगों को मिलेगा रोजगार
होटल, रेस्टोरेंट और पार्टी बुकिंग के व्यवसाय से शहर के 200 लोगों को रोजगार मिलेगा। कैटरिंग, बैंक्वेट हाल सहित अन्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा।
साढ़े सात एकड़ में फैला गेस्ट हाउस
पर्यटन विभाग के गेस्ट हाउस में 34 कमरे हैं। अटैच्ड बाथरूम भी है। अलग-अलग सेक्शन में पांच हॉल बने हैं। साढ़े सात एकड़ के परिसर के बीचोबीच बनी इमारत के सामने लंबा-चौड़ा मैदान भी है। कैंपस से रामगढ़ताल का मनोरम नजारा देखने को मिलता है।
बढ़ेगी पर्यटन विभाग की आय
पर्यटन विभाग ने गेस्ट हाउस को लीज पर देकर अपनी आय बढ़ा ली है। 15 सालों से बंद इस गेस्ट हाउस से विभाग को बड़ा नुकसान हुआ। अब हर साल लीज के 78 लाख रुपये मिलेंगे।
गेस्ट हाउस कोे होटल बनाने में करीब डेढ़ साल का वक्त लग सकता है। इसके बाद ही शहरियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस होटल, रेस्टोरेंट की सुविधा मिल सकेगी। यहां शादी, विवाह और पार्टी भी किए जा सकेंगे।
- अनूप सर्राफ, कंपनी प्रबंधन
गेस्ट हाउस लीज पर दिया गया है। अब शहर की कंपनी उसका संचालन होटल के रूप में करेगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जो पर्यटक आएंगे, उनके रहने का बेहतर इंतजाम होगा।
- आरके रावत, डिप्टी डायरेक्टर, पर्यटन विभाग