लंबी कवायद के बाद आखिरकार गोरखपुर यूनिवर्सिटी परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापना का वक्त आ गया है। दीनदयाल के जन्मशती के दिन रविवार को प्रतिमा स्थल का शिलान्यास होने जा रहा है। इसके लिए कुलाधिपति/ राज्यपाल राम नाईक रविवार को गोरखपुर आ रहे हैं।
राज्यपाल शाम तीन बजकर 40 मिनट पर प्रतिमा स्थल की नींव रखेंगे। हालांकि प्रतिमा स्थापना स्थल अभी अंतिम रूप से तय नहीं है। स्थल का चयन खुद राज्यपाल करेंगे। कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने बताया कि प्रशासनिक भवन के उद्यान या यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर प्रतिमा का संभावित स्थान है लेकिन इनमें से किस जगह प्रतिमा की नींव रखी जाएगी, इसका निर्णय राज्यपाल करेंगे। उधर, आयोजन को लेकर यूनिवर्सिटी में तैयारी का क्रम देर रात तक जारी रहा। आयोजन को बेहतर बनाने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन हर कोशिश में जुटा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अशोक कुमार करेंगे जबकि मुख्य अतिथि के तौर पर राज्यपाल मंचासीन होंगे। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दोपहर बाद आयोजन का कार्यक्रम जारी कर दिया। यूनिवर्सिटी परिसर में राज्यपाल का आगमन साढ़े तीन बजे हो जाएगा। इसके बाद नींव रखने की औपचारिकता पूरी की जाएगी। इस अवसर दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशती पर प्रकाशित न्यूज लेटर का लोकार्पण भी राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। राज्यपाल अपने संबोधन में दीनदयाल से जुड़े अनुभवों को भी साझा करेंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा
शाम 3:30 बजे : राज्यपाल का विश्वविद्यालय परिसर में आगमन
शाम 3:35 बजे : राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर
शाम 3:40 बजे : प्रतिमा स्थल की औपचारिक नींव रखी जाएगी
शाम 3:45 बजे : दीक्षा भवन में कार्यक्रम की शुरुआत
शाम 3:46 बजे : छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत और कुलगीत की प्रस्तुति
शाम 3:52 बजे : कुलपति द्वारा राज्यपाल का सम्मान
शाम 3:55 बजे : पंडित दीनदयाल पर प्रकाशित न्यूज लेटर का लोकार्पण
शाम 3:58 बजे : कुलपति का स्वागत भाषण
शाम 4:05 बजे : राज्यपाल का संबोधन
शाम 4:30 बजे : राज्यपाल का प्रस्थान