बॉस्केटबाल मैच खेलते कानपुर साउथ व गोरखपुर के खिलाड़ी।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
एसोसिएशन ऑफ स्कूल ऑफ इंडियन स्कूल्स सर्टिफिकेशन एक्जामिनेशन इन यूपी एंड उत्तराखंड से संबद्ध स्कूलों के बीच क्षेत्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता शुक्रवार से सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में शुरू हो गई। पहले दिन जूनियर वर्ग में मेजबान गोरखपुर ने लखनऊ ए को 40 के मुकाबले 37 प्वाइंट से हराकर दमदार शुरुआत की। अन्य मुकाबलों में कानपुर साउथ, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर नार्थ, मुरादाबाद ने जीत दर्ज की।
सीनियर वर्ग में पहला मुकाबला कानपुर साउथ व कानपुर नार्थ के बीच खेला गया। इसमें हिमजोत के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत कानपुर साउथ टीम 31-23 से जीती। मेजबान गोरखपुर और लखनऊ ए के बीच खेले गए मैच में कड़े टक्कर में गोरखपुर 40-37 के अंतर से जीती। हालांकि जूनियर वर्ग के ही एक अन्य मुकाबले में कानपुर साउथ ने गोरखपुर को 31-23 से हराकर स्थानीय दर्शकों को मायूस कर दिया। इसी वर्ग के अगले मैच में गाजियाबाद ने भावना के शानदार खेल से इलाहाबाद को 30-04 से, आगरा ने गोरखपुर को 17-07 से, कानपुर नार्थ ने वाराणसी को 21-03, मुरादाबाद ने आगरा को 47-17 से, गाजियाबाद ने लखनऊ बी को 33-14 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया। सीनियर वर्ग में कानपुर नार्थ को लखनऊ ए टीम ने 41-25 और आगरा ने लखनऊ बी टीम को मात दी।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन आईजी मोहित अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विशिष्ट अतिथि विशप थॉमस थुरुतिमट्टम, पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष एके सिंह ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जीडीए रीजनल स्टेडियम में बनाएगा बॉस्केटबॉल कोर्ट
जीडीए रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम और रिजर्व पुलिस लाइंस में आम लोगों और खिलाड़ियों के लिए कई काम कराएगा। अवस्थापना निधि से स्टेडियम में बॉस्केटबॉल का सिंथेटिक कोर्ट और पीने के पानी की भी व्यवस्था कराया जाएगा। आरएसओ अरुणेंद्र ने शुक्रवार को जीडीए उपाध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी बातों को रखा। इस पर अंतिम मोहर अवस्थापना की बैठक में लगेंगी। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में बॉस्केटबॉल का छात्रावास है और एक ही कोर्ट है। खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने की वजह से कई खिलाड़ी प्रैक्टिस नहीं कर पाते हैं। दूसरा कोर्ट बन जाने से छात्रावास व स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग कोर्ट उपलब्ध हो जाएगा। इससे अभ्यास भी बेहतर होगा।
साथ ही स्टेडियम में पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं है। रिजर्व पुलिस लाइन में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए भी जीडीए द्वारा नाली निर्माण तथा जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष एके तिवारी ने मुख्य अभियंता को आगणन तैयार करने को कहा है। मुख्य अभियंता संजय कुमार सिंह ने बताया कि आगणन तैयार किया जा रहा है। रिजर्व पुलिस लाइन में जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए पंप लगाना पड़ेगा क्योंकि अधिक नीचे होने के कारण नालियों से जल निकासी नहीं हो पाएगी।