आईजीसीएल की विजेता टीम को तीन लाख का चेक दिया गया।
- फोटो : Rajesh Kumar
आईजीसीएल का फाइनल शनिवार को गोरखपुर वारियर्स और एसटीएच स्पोर्ट्स मऊ के बीच खेला गया। टॉस जीतकर गोरखपुर वारियर्स ने एसटीएच स्पोर्ट्स मऊ को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया।
मऊ की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 188 रन बनाए। मऊ की ओर से अमरनाथ ने 25 गेंदों पर 28 और विपिन ने 10 गेंदों पर नाबाद 37 रन की शानदार पारी खेली। गोरखपुर वारियर्स के तरफ से गेंदबाज मनीष ने 4 ओवरों में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। जितेंद्र ने 4 ओवरों में 46 रन दे कर दो विकेट लिए। जवाब में गोरखपुर वारियर्स ने 16.3 ओवर में 189 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीत लिया। बल्लेबाज मुकेश ने 27 बॉल पर 49 रन बनाए। इसमें उन्होंने 4 छक्के एवं 4 चौके लगाए। वहीं संजीव ने 33 बॉल पर 3 चौके एवं इतने ही छक्के जड़कर 43 रन बनाए। एसटीएच स्पोर्ट की तरफ से गेंदबाजी करते हुए सिंहासन ने 4 ओवरों में 28 रन देकर दो विकेट झटके। मैन ऑफ द मैच गोरखपुर वारियर्स के मुकेश को दिया गया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि फिल्म अभिनेत्री हुमा कुरैशी रहीं। विशिष्ट अतिथि बदायूं के सांसद धर्मेंद्र यादव, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर, फिल्म निदेशक सुधीर मिश्र एवं आईजीसीएल के चेयरमैन अनुराग भदौरिया रहे। विजेता को तीन लाख रुपये का चेक और ट्रॉफी, उप विजेता को दो लाख रुपये का चेक और ट्रॉफी और तीसरे स्थान पर रही टीम को एक लाख रुपये का चेक और ट्रॉफी दी गई। गोरखपुर वारियर्स के जितेंद्र को उनके आलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया। 50 बेस्ट खिलाड़ियों को मेडल दिया गया तो वहीं 11 श्रेष्ठ खिलाड़ियों को 25 हजार रुपये दिए गए। उन्हें तीन साल तक लगातार यह रकम दी जाएगी।
आईजीसीएल के चेयरमैन अनुराग भदौरिया ने बताया कि जो खिलाड़ी चयनित किए गए हैं, उन्हें सैफ ई एवं लखनऊ में बड़ी प्रतियोगिता में गोरखपुर आईजीसीएल के नाम से खेलने का मौका मिलेगा।