गोरखपुर यूनिवर्सिटी में स्नातक व परास्नातक में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए मंगलवार तक अंतिम मौका है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम दिन यानी 10 मई को अभ्यर्थी आधी रात तक शुल्क जमा कर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी 11 मई की रात 11 बजकर 59 मिनट तक आवेदन फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
प्रवेश परीक्षा समन्वयक प्रो. अजेय कुमार गुप्ता ने बताया कि नौ मई की शाम तक आवेदन के लिए फीस जमा करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 30 हजार 314 तक पहुंच चुकी है। इसमें स्नातक कक्षाओं के लिए 21 हजार 397 तथा परास्नातक के लिए 8 हजार 907 आवेदन आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले सत्र के मुकाबले अभ्यर्थियों की आवेदन संख्या एक दिन पहले ही काफी आगे निकल गई है। पिछले वर्ष यूनिवर्र्सिटी के सभी स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों के लिए करीब 27 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे।
प्रो. गुप्ता ने बताया कि अब तक के रुझान के मुताबिक अभ्यर्थियों की दिलचस्पी स्नातक विज्ञान में ज्यादा दिख रही है। इस वर्ग में अब तक सात हजार छह सौ से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं, जबकि स्नातक कला में लगभग 4800 आवेदन आए हैं। बीकॉम के लिए 3100 और एलएलबी के लिए 1100 अभ्यर्थियों के आवेदन अब तक आ चुके हैं।
12 मई से रिजल्ट के साथ अंकपत्र भी
गोरखपुर यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट www.ddugorakhpuruniversity.in 12 मई से नई सुविधाओं से लैस नजर आएगी। कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने बताया कि वेबसाइट को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बनाने के लिए न केवल इसमें सूचनाओं का समावेश किया जा रहा है बल्कि नई सुविधाएं भी मुहैया कराई जा रही है। 12 मई के बाद से विद्यार्थी इस वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देखने के साथ ही तत्काल अंकपत्र भी डाउनलोड कर सकेंगे।