पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को प्रस्तावित गोरखपुर यूनिवर्सिटी का दीक्षा समारोह फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। समारोह का आयोजन अब नवंबर में किया जाएगा। कार्यक्रम के स्थगित होने की वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का निर्धारित न हो पाना है। हालांकि तय कार्यक्रम के मुताबिक यूनिवर्सिटी परिसर में 25 सितंबर को पं. दीनदयाल की प्रतिमा स्थापना स्थल का शिलान्यास किया जाएगा। यह शिलान्यास कुलाधिपति राम नाईक करेंगे।
प्रस्तावित दीक्षा समारोह तथा प्रतिमा शिलान्यास कार्यक्रम के संबंध में सोमवार को कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने कुलाधिपति राम नाईक से मुलाकात कर दिशा निर्देश प्राप्त किया। कुलपति ने बताया कि 25 सितंबर को दीक्षा समारोह भले ही नहीं हो रहा लेकिन यूनिवर्सिटी के लिए यह दिन फिर भी ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहेगा। इस दिन बहुप्रतिक्षित प्रतिमा का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुलाधिपति ने निर्धारित दीक्षांत समारोह की नई तिथियों के संबंध में एक प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय को तत्काल भेजने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री का समय मिलने पर नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।