कुसम्ही स्थित हास्पिटल में जांच को पहुंची पुलिस।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी महिला की तबीयत, दी तहरीर
कुसम्ही बाजार (गोरखपुर)। कुसम्ही बाजार स्थित आयुष हास्पिटल में ऑपरेशन के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। सेहत में सुधार ना होने पर उन्होंने दूसरे अस्पताल में दिखाया तो गलत ऑपरेशन की जानकारी दी गई। पीड़िता ने महिला थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि हॉस्पिटल में कोई डॉक्टर ही नहीं है। पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी में है।
पिपराइच इलाके की मंजू जायसवाल 12 जून को कुसम्ही बाजार में आयुष हास्पिटल में दिखाने गई। कथित डॉक्टर ने शर्तिया इलाज का भरोसा दिलाकर 25 हजार 700 रुपये आपरेशन का खर्च बताया। मंजू ने 17 जून को हास्पिटल में रुपये जमा करा दिए। डॉक्टर ने ऑपरेशन कर 19 जून को डिस्चार्ज कर दिया। अगले ही दिन तबीयत खराब होने पर मंजू फिर हास्पिटल आई। उनका आरोप है कि हास्पिटल में उन्हें देखते ही डॉक्टर भड़क गए और डांटकर भगा दिया। दूसरे हास्पिटल में संपर्क किया तो उसे गलत ऑपरेशन की जानकारी मिली। विरोध दर्ज कराने फिर हास्पिटल गई तो दुर्व्यवहार किया गया। शिकायत पर पुलिस बृहस्पतिवार शाम हास्पिटल पहुंची और मामले की जांच की।
..
मेरे यहां इलाज कराने पर महिला की तबीयत ठीक थी। बाहर के डॉक्टर आकर हास्पिटल में ऑपरेशन करते हैं। उनका आरोप गलत है। किसी मरीज के साथ यहां कभी दुर्व्यवहार नहीं किया जाता है। - डॉ. सीके दास, संचालक, आयुष हास्पिटल