गोरखपुर महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियों में प्रशासन जुटा है। खासकर बच्चों के मनोरंजन के लिए खेलकूद से लेकर किताब और मनोरंजन तक के सभी विकल्प गोरखपुर विश्वविद्यालय से लेकर चंपा देवी पार्क और नुमाइश ग्राउंड तक मौजूद होंगे। बाल फिल्म महोत्सव के दायरे को भी बढ़ा दिया गया है। इस बार 6000 सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को एक साथ निशुल्क बाल फिल्म दिखाई जाएगी।
महोत्सव का आयोजन 11 से 13 जनवरी के बीच गोरखपुर विश्वविद्यालय के खेल मैदान में होगा। शहर के माया सिनेप्लेक्स, एडी मॉल, वीनस पीवीआर, सिटी मॉल, ओरियन मॉल और विजय सिनेप्लेक्स में बच्चों को फिल्म दिखाई जाएगी। कस्तूरबा बालिका और परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी इसका लुत्फ उठा सकेंगे।
बाल फिल्म महोत्सव समिति के प्रभारी विवेक जायसवाल ने बताया कि फिल्मों के नाम अभी तय नहीं किया जा सका है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक फिल्मों के नाम भी तय कर लिए जाएंगे। पिछले साल महोत्सव के दौरान 2460 विद्यार्थियों को बाल फिल्म दिखाई गई थी, जिसे इस बार बढ़ाकर 6000 कर दिया गया है।
जमीन से आसमान तक होगी मस्ती
इस बार महोत्सव के कार्यक्रम गोरखपुर विश्वविद्यालय के साथ चंपा देवी पार्क, नुमाइश ग्राउंड एंव रामगढ़ झील के पास भी करने की योजना है। पारंपरिक खेलकूद, जैसे वालीबॉल, बैडमिंटन आदि के साथ साथ हॉफ मैराथन, शूटिंग और पैराग्लाइडिंग भी होगी। बच्चों के बीच प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। साथ ही शिल्प मेला और बालीवुड कलाकारों के कार्यक्रम भी होंगे। फूड जोन, बाल फिल्म महोत्सव, शूटिंग कंप्टीशन, हॉफ मैराथन, वॉटर स्पोर्ट्स, फल फूल और सब्जी का प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, टैलेंट हंट, महिलाओं के कार्यक्रम भी होंगे।
20 दिसंबर तक मांगे स्थानीय कलाकारों से आवेदन
क्षेत्रीय पयर्टन अधिकारी ने बताया कि स्थानीय कलाकारों के प्रतिभाग के लिए 20 दिसंबर तक ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन लिए जाएंगे। प्रबुद्ध वर्ग की प्रविष्टियां 22 दिसंबर तक ली जाएंगी।
17 दिसंबर तक चलेगा शिल्प मेला
गोरखपुर महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम भले ही 11 से 13 जनवरी के बीच होंगे लेकिन शिल्प महोत्सव 17 जनवरी तक चलेगा। मेला में देश भर के ख्यातिलब्ध शिल्पियों के साथ साथ लोकल शिल्पियों के स्टॉल लगाए जाएंगे। शहरवासियों के मनोरंजन के लिए शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शिल्प मेला में होगा।
बॉलीवुड नाइट के कलाकारों पर चल रहा मंथन
महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली बॉलीवुड नाइट के कलाकारों के नाम पर मंथन अभी चल ही रहा है। पर्यटन विभाग ने 22 कलाकारों की सूची तैयार की है। इसमें से सोनू निगम, उदित नारायण, कुमार शानू, अंकित चौहान, श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह के नाम को प्राथमिकता वाली सूची में रखा है। जल्द ही नामों का एलान किया जाएगा।