फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाली सात फैक्ट्रियों पर छापा, 3500 क्विंटल प्रतिबंधित उत्पाद जब्त

Thu, 12 Dec 2019 02:06 PM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
गीडा की छह फ़ैक्ट्रियों में छापेमारी कर करोड़ों का पॉलिथीन जब्त - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों के खिलाफ अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने गीडा की सात फैक्ट्रियों से प्लास्टिक से बनने वाले करीब 3500 क्विंटल उत्पाद जब्त कर सभी फै क्ट्रियां सील कर दीं। प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
विज्ञापन


गीडा की कुछ फैक्ट्रियों में रोक के बाद भी लगातार प्लास्टिक उत्पाद बनाने और उन्हें गोरखपुर समेत कई अन्य जिलों में बिक्री के लिए भेजने की शिकायतें मिल रहीं थीं। सटीक सूचना पर बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रथमेश कुमार और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सरनीत कौर ब्रोका ने गीडा, तहसील प्रशासन और पुलिस के साथ गीडा की सात फैक्ट्रियों में छापा मारा।

सभी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक से बने उत्पाद पकड़े गए। पिपरौली प्रतिनिधि के मुताबिक जिन फैक्ट्रियों में कार्रवाई हुई उनमें एसडी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, फहद प्लास्टिक, एसएस प्लास्टिक, कुसुम प्लास्टिक, ऐलेना प्लास्टिक, एनवी इंडस्ट्रीज और एएस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। एसडी इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में करीब दो ट्रकों में रखे गए प्लास्टिक के गिलास, कप, फूड प्लेट, प्लास्टिक रोलर आजमगढ़ भेजने की तैयारी थी। टीम ने इस माल के साथ ही फैक्ट्री में रखे सभी उत्पादों को फैक्ट्री में ही एक तरफ रखवाकर सील कर दिया।
विज्ञापन


फैक्ट्रियों के गेट बंद कर भीतर चल रहा था उत्पादन
छापे के दौरान फैक्ट्रियों का मुख्य गेट बंद मिला जिसके ताले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर तोड़ दिए गए। टीम जब भीतर दाखिल हुई तो वहां प्रतिबंधित प्लास्टिक से विभिन्न उत्पाद बनाने का काम चल रहा था। काम बंद कराकर सभी सामानों का निरीक्षण कर उनका तौल कराया गया। सूची तैयार कर रिपोर्ट बनाई गई।

कमिश्नर से मिले उद्यमी, कहा- सुपरवाइजर को पिटवाया

प्लास्टिक फैक्ट्रियों में जांच को लेकर फैक्ट्री मालिकों समेत कुछ अन्य उद्यमियों में भी आक्रोश देखने को मिला। चेंबर ऑफ  इंड्रस्टीज के महासचिव प्रवीण मोदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा और शिकायत की कि प्लास्टिक के जो उत्पाद प्रतिबंधित नहीं हैं, उन्हें बनाने वाली फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने एक फैक्ट्री के सुपरवाइजर को पीटा भी। कमिश्नर ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह इस संबंध में पूछताछ कर सच जानने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। इस मामले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का कहना है कि पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई है। किसी से विवाद नहीं हुआ है। मामले को भटकाने की कोशिश ठीक नहीं है। प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करके फैक्ट्रियों को सील किया गया है।

कोट
गीडा की सात फैक्ट्रियों के मुख्य गेट बंद कर छिपे तौर पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के सामानों का उत्पादन किया जा रहा था जिन्हें सील कर दिया गया है। सभी पर जुर्माना लगाने के साथ ही उनसे कागजात भी मांगे गए हैं। यदि वे कागजात नहीं दिखा पाते हैं तो उनपर और भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। - सरनीत कौर ब्रोका, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सहजनवां
विज्ञापन

सील फैक्ट्रियों में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सहजनवां सरनीत कौर ब्रोका के मुताबिक प्रोपराइटर शारदा देवी की एसडी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में 2450 क्विंटल प्लास्टिक से बने खाने के ट्रे, कप, गिलास, कंटेनर, फूड प्लेट, प्लास्टिक रोलर, सिलिंग रोल पकड़ा गया।

इसी तरह आबदा खातून की फैक्ट्री फहद प्लास्टिक से 198.68 क्विंटल प्लास्टिक कैरी बैग व प्लास्टिक रोल, सौरभ जालान की फैक्ट्री एसएस प्लास्टिक से 464 क्विंटल प्लास्टिक टमबलर, सफेद प्लास्टिक क्रेप, कच्चा माल, प्लास्टिक बोरी व रोल, सुधाकर व प्रभाकर दूबे की फैक्ट्री कुसुम प्लास्टिक से 223.76 क्विंटल प्लास्टिक का सामान तैयार करने के लिए 20 रोल, प्लास्टिक टमबलर मिला।

इसी तरह सुहेल अहमद खान की फैक्ट्री एलेना प्लास्टिक से 63.72 क्विंटल रैपर, प्लास्टिक थैली, प्लास्टिक रोल, प्लास्टिक का कच्चा माल तथा उन्हीं की एक अन्य फैक्ट्री एनवी इंडस्ट्रीज से पांच क्विंटल कच्चा प्लास्टिक और चूर्ण और एहजाज हुसैन की फैक्ट्री एएस इंडस्ट्रीज से 42 क्विंटल प्लास्टिक पीपी स्क्रैप, दाना प्लास्टिक, दाना मशीन और स्क्रैप मशीन मिली जिन्हें संबंधित फैक्ट्रियों में ही रखकर सील कर दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें