रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले जा रहे प्रदेशीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मेजबान गोरखपुर और वाराणसी के बीच खेला जाएगा। शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में गोरखपुर ने इलाहाबाद तथा वाराणसी ने बरेली को शिकस्त दी। प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार दोपहर दो बजे से खेला जाएगा।
शनिवार को प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल गोरखपुर और इलाहाबाद के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच शुरू से ही कांटे का मुकाबला देखने को मिला। मैच के 18वें मिनट में सुष्मिता ने शानदार गोल कर गोरखपुर को 1-0 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक गोरखपुर की टीम आगे रही। इसके बाद भी गोरखपुर के खिलाड़ियों ने मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। मैच के 56वें मिनट में सुष्मिता ने एक और गोल कर गोरखपुर की बढ़त 2-0 कर दी। मैच के अंतिम समय में मुस्कान ने गोल कर गोरखपुर को 3-0 से जीत दिला दी।
दूसरा सेमीफाइनल मैच वाराणसी और बरेली के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। मैच के 45वें मिनट में निशा के गोल की मदद से वाराणसी ने खाता खोला और टीम 1-0 से आगे हो गई। मैच के 53वें मिनट में प्रियंका ने गोल कर वाराणसी की बढ़त 2-0 कर दी। मैच के 72वें मिनट में बरेली की अलीशा ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद वाराणसी ने बरेली को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया और मैच 2-1 से जीत लिया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एसएएच नकवी ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मैच रविवार दोपहर दो बजे से खेला जाएगा। प्रतियोगिता के समापन के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रंजन कुमार होंगे।