एयरपोर्ट के हर शौचालय में सेनेटरी वेंडिंग मशीन
गोरखपुर । गोरखपुर एयरपोर्ट पर महिलाओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महिला यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी शौचालयों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई गईं हैं। मशीन में पांच रुपये का सिक्का डालकर सेनेटरी पैड प्राप्त किया जा सकता है। महिला शौचालयों की साफ- सफाई की व्यवस्था भी बेहतर है।
एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में शिशु देखभाल कक्ष भी बना है, जहां महिलाएं अपने बच्चे को खिला-पिला सकती है। कक्ष में पानी और दूध गरम करने की सुविधा भी है। मुख्य सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ) विजय कौशल ने बताया कि एयरपोर्ट पर महिलाओं की सुविधा का पूरा ख्याल रखने का प्रयास किया जा रहा है।