यूपी बोर्ड के नतीजे देख कहीं सपने सच हुए तो कुछ की उम्मीदें टूटीं। मेधावियों ने मजबूत इच्छाशक्ति के बलबूते कामयाबी की इबारत लिख डाली। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों में ही लड़कियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की।
हाईस्कूल के टॉप टेन में जगह बनाने में लड़कियां आगे रहीं तो इंटरमीडिएट में भी दस में से नौ लड़कियों ने ही सूची में जगह बनाई। उनके घरों पर जश्न का माहौल है। हाईस्कूल में सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज की प्रीति जायसवाल ने 94 फीसदी तथा इंटरमीडिएट में रामसखी रामनिवास बालिका इंटर कॉलेज गोला की अंजलि दुबे ने 94.6 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल और जिले का मान बढ़ाया है।
रविवार को सुबह से ही नतीजे जानने के लिए विद्यार्थी आतुर दिखे। दोपहर में बोर्ड का रिजल्ट घोषित ही साइबर कैफे पर भीड़ बढ़ने लगी तो बहुत सारे लोग घरों में ही इंटरनेट पर नतीजे देखने में जुट गए। रिजल्ट की खुशी विद्यार्थियों ने घरवालों के साथ बांटी ही स्कूल पहुंचकर सहपाठियों के साथ भी साझा किया।
स्कूलों में विद्यार्थियों ने फोटो खिंचवाई ही सेल्फी लेने की भी होड़ लगी रही। जिन विद्यार्थियों ने स्कूल टॉप किया उनके घरों पर जश्न मनाया जाने लगा। बधाइयां देने वालों को देर रात तक मोबाइल पर फोन आते रहे।
सिविल सर्विसेज में जाना चाहूंगी
परिवार वालों का सपना है कि मैं सिविल सर्विसेज में जांऊ। कड़ी मेहनत कर इस मुकाम को हासिल करूंगी। शुरू से ही पढ़ाई में मैने कड़ी मेहनत की जिसका परिणाम आज सामने आया है।
-अंजली दुबे, कक्षा 12, रामसखी रामनिवास बालिका इंटर कॉलेज भरौली
डॉक्टर बनना चाहती हूं
मैं डाक्टर बनना चाहती हूं। पिछले साल जब 9वीं में स्कूल टॉप किया था तब सभी ने हौसला बढ़ाया और मेहनत से पढ़ाई की। मुझसे बड़ी बहन पूजा और भाई पंकज भी टॉपर रहे हैं। उन्होंने भी हमेशा मुझे प्रेरित किया। घर में पढ़ाई को बेहतर माहौल मिला। अभी कामयाबी की पहली मंजिल पार की हूं, मुझे पता है कि आगे और कड़ी मेहनत की जरूरत होगी। लेकिन मेरा दृढ़ निश्चय है कि इंटरमीडिएट में भी जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल करूं।
- प्रीति जायसवाल, 94.0 प्रतिशत, कक्षा 10 सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज
आईएएस बनना मेरा सपना
आईएएस बनना मेरा सपना है। इसके लिए मेरे घर वाले भी मेरा पूरा सहयोग करते हैं। गुरुजनों के सहयोग से आज यह सफलता मुझे हासिल हुई है। रिजल्ट सुनने के बाद सच में मुझे लगा कि आज मेरे सपने को एक आधार मिल गया है। आज के अच्छे अंक की वजह से मेरा हौसला बढ़ा है और मैं अपने सपने को जरूर सकार करूंगी। मेरे घरवालों का भी यही सपना है।
- आकांक्षा श्रीवास्तव, 93.6, कक्षा 10, कार्मल गर्ल्स कॉलेज
डॉक्टर बनने की तमन्ना है
डॉक्टर बनने की तमन्ना बचपन से है। हाईस्कूल में 80 फीसदी अंक मिला तो हताशा हुई, लेकिन मैंने ठान लिया कि इंटरमीडिएट में अधिक मेहनत कर अच्छे अंक लाने हैं। रिजल्ट जानकर बहुत खुशी हुई कि मैं अपने सपने को साकार करने की दिशा में सही बढ़ रही हूं। रोजाना चार से पांच घंटे घर पर पढ़ती थी, मुझे आगे और कड़ी मेहनत करनी है। अपनी इस कामयाबी का श्रेय पिता जमील नईम और मां राबिया खातून को देना चाहूंगी। जिन्होंने हर वक्त मेरा साथ दिया।
- शाहिस्ता परवीन, किसान इंटर कॉलेज, भलुआन
अच्छे अंक ने बढ़ाया हौसला
आईआईटी करके इंजीनियर बनना मेरा सपना है। इसी को लेकर मैं अपनी पढ़ाई कर रहा हूं और आज के बेहतर अंक ने मेरे हौसले को बढ़ाया है। मेरे घरवाले भी पूरा सहयोग करते हैं और उनके सपनों के साथ ही मेरा सपना जुड़ा हुआ है। गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन की वजह से बेहतर अंक हासिल करने में कामयाबी मिल सकी है। सुबह जब रिजल्ट देखा तो मन खुश हो गया। घरवालों की खुशी का तो ठिकाना ही नहीं रहा। रिश्तेदारों के फोन भी बजने लगे थे।
- सचिन सिंह, 93.4, एमपी इंटर कॉलेज, कक्षा 12
हाईस्कूल टॉप टेन की सूची
नाम -------------------- प्रतिशत -------------------- स्कूल
प्रीती जायसवाल ----------94.00 -------------------- सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज आर्यनगर
आकांक्षा श्रीवास्तव ----------93.67 ----------कार्मल गर्ल्स इंटर कॉलेज
ऋचा त्रिपाठी ----------93.17 ----------आरआरएसआईसी उरुवा बाजार
सपना सिंह ----------93.00 ----------नेहरू हाईस्कूल पीपीगंज
सरिता सिंह ---------- 92.67 ----------नेहरू हाईस्कूल पीपीगंज
पद्मजा द्विवेदी ----------92.67 ---------- कार्मल गर्ल्स इंटर कॉलेज
कविता ----------92.50 ----------इंटर कॉलेज माल्हनपार
एश्वर्या वर्मा ----------92.33 ----------कार्मल गर्ल्स इंटर कॉलेज
प्रियाशा प्रताप ---------- 92.17 ----------कार्मल गर्ल्स इंटर कॉलेज
प्रीति गुप्ता ---------- 92.17 ----------सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज आर्यनगर
इंटरमीडिएट टॉप टेन की सूची
नाम ----------प्रतिशत ----------स्कूल
अंजली दुबे ----------94.60 ----------रामसखी रामनिवास बालिका इंटर कॉलेल, गोला
शाहिस्ता परवीन ----------94.20 ----------किसान इंटर कॉलेज जगदीशपुर भलुआन
नूतन यादव ----------94.00 ----------वंशीचंद इंटर कॉलेज चिलवा
प्रतिभा यादव ----------94.00 ----------वंशीचंद इंटर कॉलेज चिलवा
आयुषि श्रीवास्तव ----------93.80 ----------सेंट मैरी इंटर कॉलेज
नीशू गुप्ता ----------93.60 ----------वंशीचंद इंटर कॉलेज चिलवा
पूजा प्रजापति ----------93.60 ----------वंशीचंद इंटर कॉलेज चिलवा
सचिन सिंह ---------- 93.40 ----------महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज
श्रेया सिंह ----------93.40 ----------एसपीएनएसआईसी रतनपुर पतरा
अंशु त्रिपाठी ----------93.20 ----------वंशीचंद इंटर कॉलेज चिलवा