भोजपुरी इस क्षेत्र की मातृभाषा है। किसी को समझाने के लिए सबसे अच्छा माध्यम उसकी मातृभाषा है। उपस्थित युवाओं से अपील है कि वे मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भोजपुरी का प्रयोग करें। ये बातें डीएम संध्या तिवारी ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी के संवाद भवन में युवा सप्ताह के समापन पर आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कहीं। आह्वान किया कि भोजपुरी में मतदाता जागरूकता के लिए स्लोगन लिखकर उसे फेसबुक पेज पर डालें। अच्छे भोजपुरी स्लोगन को जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जाएगा।
सेंट एंड्रयूज कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवक ज्ञानेंद्र कुमार ने स्वरचित गीत ‘मेरे भाई बहनों सुनो मेरा कहना, मतदान करना यही है कहना’ प्रस्तुत किया। समूह गीत चंद्रकांति रमावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज आर्यनगर के स्वयंसेविकाओं की ओर से पेश किया गया। मारवाड़ बिजनेस स्कूल, नसीराबाद, गोरखपुर के स्वयंसेवकों ने मतदाता जागरूकता नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों द्वारा निर्मित पोस्टर एवं स्लोगन का अवलोकन जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने किया।
दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज, गंगोत्री देवी महिला पीजी कॉलेज, एमजीपीजी कॉलेज गोरखपुर, भवानी प्रसाद पांडेय पीजी कॉलेज, इंदिरा गांधी गर्ल्स महिला कॉलेज, भगवान दास शकुंतला देवी महाविद्यालय चौरीचौरा के स्वयंसेवक एवं कार्यक्रम अधिकारी शामिल हुए। संचालन दीप्ति अनुराग ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि सीडीओ डॉ. मन्नान अख्तर, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अजय कुमार शुक्ल, शिवप्रसाद, अनुराग, सौरभ, अभिनव उपाध्याय, लालजी मौर्य, अब्दुल कलाम, दीपिका चौरसिया, सुरभि, तान्या, पूजा, मनीता, आस्था, सोनी, मोनी, समृद्धि, दिव्या, समीक्षा, अंजली आदि मौजूद थीं।