स्कूल संचालक से तंग युवती ने की खुदकुशी
झंगहा (गोरखपुर)। इलाके के एक स्कूल संचालक से तंग आकर 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर संचालक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने स्कूल संचालक नरायनपुर निवासी पप्पू यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है।
झंगहा के एक गांव की 24 वर्षीय युवती ने बुधवार की देरशाम अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बृहस्पतिवार को युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी नरायनपुर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी। स्कूल संचालक व स्थानीय निवासी पप्पू यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाया, फिर बार-बार संबंध बनाने के लिए परेशान करता था। बेटी ने दूसरी जगह नौकरी की तो उसे फोन करके परेशान करने लगा। बेटी ने शादी की बात की तो इंकार कर दिया। इससे आहत होकर ही बेटी ने आत्मघाती कदम उठाया है। पिता ने बताया कि आत्महत्या वाले दिन भी स्कूल संचालक का उनके बेटी के मोबाइल फोन पर छह बार कॉल आई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में दबिश भी दी गई है।