विकास भवन में कार्यालयों जाकर अटेंडेंस रजिस्टर देखते प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ अनुज सिंह व अन?
गोरखपुर। सुबह नौ बजे अपने कार्यालय पहुंचे सीडीओ अनुज सिंह को जब 10 बजे तक भी विकास भवन में बहुत हलचल नहीं महसूस हुई तो उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से मुख्यालय और संबंधित एसडीएम को तहसीलों के कार्यालयों का निरीक्षण कर उपस्थिति जांचने के निर्देश दे डाले। सीडीओ ने खुद भी विकास भवन के सभी कार्यालयों का निरीक्षण किया। कुछ दफ्तरों में उपस्थिति पंजिका में दस्तखत मिले लेकिन मौके पर संबंधित कर्मचारी नहीं मिले। शाम तक सभी जांच अधिकारियों की मिली रिपोर्ट के मुताबिक कुल 203 अफसर- कर्मचारी व शिक्षक गैर हाजिर पाए गए। इनमें अकेले लोनिवि के दो दफ्तरों के 39 कर्मचारी शामिल हैं। सभी का गुरुवार का वेतन रोकने के साथ ही उनसे जवाब तलब किया जा रहा है। इसी तरह कई प्राथमिक विद्यालय ही खुले नहीं मिले। इनके प्रधानाध्यापकों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
गुरुवार को डीएम के. विजयेंद्र पांडियन के शहर से बाहर होने पर उनका प्रभार सीडीओ के पास था। सुबह 10.05 बजे जैसे ही सीडीओ विकास भवन के निरीक्षण पर निकले कई विभागों में हड़कंप मच गई। जो आए थे वे फोन पर दूसरे साथियों को सूचित करने में जुट गए। सहायक अभियंता लघु सिंचाई में सहायक अभियंता काशी प्रसाद ही अनुपस्थित मिले। हालांकि निरीक्षण के दौरान वे हांफ ते हुए पहुंचे। उनके दफ्तर में काफी गंदगी भी मिली जिसपर सीडीओ ने उन्हें चेताया। वहां से निकलकर सीडीओ एक्सईएन आरईएस कार्यालय पहुंचे। वहां वरिष्ठ सहायक समेत 16 कर्मचारी अनुपस्थिति मिले। इसी तरह डीपीआरओ कार्यालय में तीन नियमित और आउटसोर्सिंग के 10 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। समाज कल्याण विभाग में लेखाकार समेत तीन कर्मचारी गैर हाजिर मिले। सीडीओ ने सभी का गुरुवार का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
तालों से मुक्त हुए शौचालय, पान की पीक पर पड़ी डांट
प्रभारी अधिकारी व सीडीओ अनुज सिंह के निरीक्षण के दौरान विकास भवन के सभी दफ्तरों के शौचालयों पर ताला लटका मिला। पूछने पर बताया गया कि गंदे न हो इसलिए ताला लगाया गया है। जब सीडीओ ने पूछा कि फरियादी कहां जाएंगे तो हर कोई बगले झांकने लगा। इसपर उन्होंने सभी को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि विकास भवन के किसी भी दफ्तर के शौचालय में ताला नहीं लगाया जाए। शौचालयों के नियमित सफाई की जिम्मेदारी संबंधित विभाग देखेंगे। इसी तरह उन्होंने दूसरे सभी विभागों के लिए भी यह निर्देश जारी कराया है। इसी तरह विकास भवन में जगह-जगह पान और गुटखों की पीक देखकर भी सीडीओ ने जमकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विकास भवन गंदा न हो यह सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। अब पीक दिखी तो इन विभागों के अफसरों-कर्मचारियों पर ही कार्रवाई होगी।
विभाग गैर हाजिर अफसर-कर्मचारी
एक्सईएन लोनिवि विद्युत यांत्रिक खंड 16
एक्सईएन लोनिवि निर्माण खंड तृतीय 23
मुख्य अभियंता गंडक सिंचाई 10
एसई गंडक सिंचाई प्रथम 09
एसई गंडक सिंचाई द्वितीय 07
एक्सईएन नलकूप खंड प्रथम 10
एक्सईएन नलकूप खंड द्वितीय 08