रामगढ़ताल के पास प्रस्तावित लेक व्यू अपार्टमेंट का निर्माण पूरा होगा। जीडीए बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव रखा जाएगा। जीडीए की कोशिश शहरियों को पुरानी कीमत पर ही आवास मुहैया कराने की है। आठ मंजिला इस आवासीय योजना के तहत करीब 192 फ्लैट बनने हैं। इनकी बुकिंग के लिए जीडीए फिर से आवेदन मांगने की तैयारी में है।
इस अपार्टमेंट के लिए पिछले बजट में धन स्वीकृत कर इसकी बुकिंग शुरू कर दी गई थी, मगर आवेदक न मिलने के चलते कई बार बुकिंग की तिथि बढ़ाई गई। इसके बाद भी केवल दो दर्जन आवेदक ही मिले। इसलिए जीडीए बोर्ड की बैठक में इस बार भी इसे शामिल किया जा रहा है। बैठक में योजना की लागत आदि पर पुनर्विचार होगा। हालांकि बोर्ड की कोशिश होगी कि अपार्टमेंट के आवास ग्राहकों को पुरानी कीमत पर ही दिए जाएं। इसके पीछे की मंशा ग्राहकों को आकर्षित करने की है।
बोर्ड बैठक में स्वीकृति मिलने के बाद इसके निर्माण की प्रक्रिया तेजी से शुरू करने की योजना है। आठ मंजिला इस आवासीय योजना के तहत करीब 192 फ्लैट बनने हैं। इसमें टू-बीएचके और थ्री-बीएचके आवास के लिए बुकिंग कब से फिर शुरू होगी, यह बोर्ड बैठक के बाद साफ हो जाएगा।
अप्रैल से बढ़ जाती हैं कीमतें
जीडीए की योजनाओं की कीमतें नए वित्तीय वर्ष में सर्किल रेट बढ़ने के साथ करीब 15 फीसदी बढ़ जाती हैं। लेकिन लेक व्यू अपार्टमेंट के साथ ऐसा नहीं होगा। दरअसल, योजना पिछले साल शुरू हुई तो कीमतों को लेकर ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित नहीं कर सकी। ऐसे में जीडीए बोर्ड में इसे पुरानी कीमत पर ही पुन: शुरू करने का प्रस्ताव रखने की तैयारी है।