अब ट्रेनों में फिक्स रहेगा गार्ड का बॉक्स
गोरखपुर। ट्रेनों के गार्ड का बॉक्स प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आएगा। जल्द ही ट्रेन में ही गार्ड के कोच में बॉक्स को फिक्स कर दिया जाएगा। गार्ड बदलने पर ताले के चाबी की अदला-बदली होगी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में पैसेंजर और इंटरसिटी एक्सप्रेस में यह व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है।
स्टेशन पर अक्सर आड़े-तिरछे बॉक्स रखा नजर आता है। इससे यात्रियों को आवाजाही में दिक्कतें होती है। कई बार बॉक्स को ट्रेन तक पहुंचाने में देरी हो जाती है। इससे ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ता है। बॉक्स को ढोने के लिए रेल प्रशासन ने अस्थायी कर्मचारी रखे हैं। उनकी मानीटरिंग के लिए तीन शिफ्ट में रेलकर्मी तैनात किए जाते हैं। अब नई व्यवस्था से बॉक्स फिक्स कर देने से रेलवे को अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।
वाराणसी मंडल के सीनियर डीओएम रोहित गुप्ता ने बताया कि पैसेंजर और इंटरसिटी एक्सप्रेस में गार्ड कोच में बॉक्स को फिक्स किया जाएगा। इस पर काम चल रहा है। नवंबर से यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
-
गार्ड बॉक्स में मौजूद सामान
टेल लैंप, फर्स्ट एड, फ्यूजी सिग्नल, आर्म बैंड, झंडी, रूल बुक, टॉर्च, सीटी।