इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि पटरी में फ्रैक्चर था। लेकिन कर्मचारियों ने उसे तत्काल ठीक कर लिया है। रेल यातायात बहाल है। इस समय गर्मी का मौसम शुरू हो रहा है, तो ऐसे में लाइन फ्रैक्चर हो सकती है। इसके लिए रेल निरीक्षण और पेट्रोलिंग करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है।
रामापुर गांव के समीप पटरी टूटने से कई ट्रेनें काशन पर चलाई गईं। आनंद विहार से सहरसा जाने वाली पुरबिया एक्सप्रेस मंगलवार सुबह 6:38 बजे बभनान से डाउन ट्रैक से रनथ्रू निकली लेकिन गौर के कीमैन मेहीलाल को निरीक्षण में रेल लाइन के फ्रैक्चर होने का पता चल गया। लाल झंडी देखने के बाद ट्रेन रुकने के दौरान इंजन के तीन पहिए आगे निकल चुके थे। बाद में पीछे किया गया।
इसके बाद काशन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। नई दिल्ली से सहरसा जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस, लखनऊ पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, हिसार से गोरखपुर जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, काठगोदाम हावड़ा एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें प्रभावित हुईं। बभनान के रेलवे स्टेशन अधीक्षक राघवेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि लगभग दर्जनभर ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं। ब्लॉक लगाकर पटरी को सही कराया जा रहा है।