अपनी कीमत से पिछले दो दिनों में चर्चा का विषय बनी ‘फ्रीडम 251’ स्मार्टफोन की फ्रें चाइजी इसकी बिक्री शुरू होने से पहले ही भाग गई। सुबह से ही लोग विज्ञापन में दिए गए नंबर पर फोन कर बुकिंग कराने का प्रयास कर रहे थे, मगर स्विच ऑफ होने के कारण लोग दुकान पर पहुंच गए। वहां सिर्फ बोर्ड के अलावा कुछ नहीं मिल सका है। सुबह से ही अमर उजाला के दफ्तर में भी इसकी हकीकत जानने के लिए फोन आते रहे।
स्मार्टफोन की चाहत में सस्ते दाम ने सबको लुभाया। जिसको जरूरत थी वह तो आगे आए ही। कीमत देखकर कई लोग मोबाइल की हकीकत जानने के लिए भी बुकिंग कराने लगे। सुबह छह बजे बुकिंग खुलने के साथ तीन घंटे तक बुकिंग हुई भी, मगर नौ बजते ही वेबसाइट के सर्वर के ठप होने के कारण लोगों ने जब फ्रेंचाइजी कंपनी एके ट्रडर्स का नंबर डायल किया तो वह स्विच ऑफ मिला। इसके बाद कई लोग एके ट्रेडर्स की दुकान तक पहुंच गए। मगर वहां ताला लटकता हुआ मिला। लोगों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि बुधवार शाम से ही दुकान पर ताला लटका हुआ है। एके ट्रेडर्स ने बेल मोबाइल की बुकिंग की फ्रेंचाइजी भी ले रखी है।
500 में पहले भी हो चुकी है मोबाइल की बुकिंग
251 की कीमत से पहले 2999 में 4जी स्मार्टफोन का दावा करने वाली बेल कंपनी ने भी लोगोें से 500 रुपये में बुकिंग करवाई है। कंपनी ने 14 फरवरी को मोबाइल देने का वादा किया था। सस्ते दाम में बुकिंग पर कई लोगों ने 500 रुपये जमा किए, मगर अचानक फ्रेंचाइजी ने 21 फरवरी को मोबाइल देने का आश्वासन दिया। हालांकि कंपनी कितनी सही है। इसकी हकीकत अभी किसी को नहीं पता है।
रुपये देने गए तो बंद थी दुकान
सुबह बात हुई और बुकिंग के लिए बुलाया भी गया था। मगर जब दुकान पर पहंचा तो वहां काफी भीड़ थी लेकिन बुकिंग करने वाला कोई नहीं था।
- राहुल सिंह, अलहदादपुर
ऑनलाइन प्रयास किया था
सुबह उठते ही दाम सस्ता होने से ऑनलाइन बुकिंग का प्रयास किया था। सब कुछ होने के बाद पेमेंट पर क्लिक करते ही कैंसिल हो जा रहा था।
- रवि प्रकाश, रूस्तमपुर
स्विच ऑफ था मोबाइल
बुकिंग कराने के लिए फोन मिलाया तो पहले काफी देर तक व्यस्त बता रहा था। मगर दस बजे अचानक स्विच ऑफ बताने लगा। फिर फोन नहीं लगा।
- जिम्मी लारी, गोलघर
दुकान से लौट आए
मुझे असुरन के पास स्थित एके ट्रेडर्स का पता मिला तो मैं उस दुकान पर गया। मगर वहां ताला लगा देकर मैं वापस लौट आया।
- दिव्यांशु पाठक, फुलवरिया