चार और शिक्षकों की कुंडली तैयार, अगले हफ्ते तक कार्रवाई
गोरखपुर। परिषदीय विद्यालयों में दूसरे के प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी हासिल करने वाले चार और शिक्षकों की कुंडली बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयार कर ली है। जल्द ही इनकी बर्खास्तगी की कार्रवाई पूरी की जाएगी। आरोपी शिक्षक सत्यापन के लिए बुलाए जाने के बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग में हाजिर नहीं हो रहे थे।
बेसिक शिक्षा विभाग को बांसगांव ब्लॉक के आत्मप्रकाश, खजनी की प्राची मिश्रा, बड़हलगंज की रेखा और बेलघाट के श्रीराम के खिलाफ कूटरचित दस्तावेजों के सहारे नौकरी करने की शिकायत मिली थी। सभी आरोपी पांच साल से भी अधिक समय से परिषदीय विद्यालयों में नौकरी कर रहे थे। आरोपियों ने दूसरे के हाईस्कूल, स्नातक, बीएड समेत अन्य शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पैन कार्ड का इस्तेमाल किया। शिकायत के बाद जब इन शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया तो किसी ने भी सत्यापन के लिए साक्ष्य प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं समझी।
सात और शिक्षकों पर कसा शिकंजा
बेसिक शिक्षा विभाग ने विभिन्न ब्लॉकों में तैनात सात और शिक्षकों पर शिकंजा कस लिया है। अगले महीने तक इन सभी को बर्खास्त किए जाने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक गोला और जंगलकौड़ियों में दो दो, बेलघाट, ब्रम्हपुर और चरगांवा मेें एक-एक शिक्षकों को रडार पर लिया गया है। काफी समय से ये आरोपी विभाग की आंखों में धूल झोंक कर फरार चल रहे हैं।
अब तक 37 पर कार्रवाई, 50 से अधिक रडार पर
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अब तक 37 फर्जी शिक्षकों को बर्खास्त किया जा चुका है। वहीं, 50 से अधिक शिक्षक एसटीएफ के रडार पर हैं। इन सभी शिक्षकों को सत्यापन के लिए विभाग की ओर से बुलाया जा रहा है। तीन बार नोटिस दिए जाने के बाद भी अगर ये सत्यापन के लिए प्रस्तुत नहीं होंगे, तोे इन्हें बर्खास्त किया जाएगा।
कोट
दूसरे के प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी करने वाले शिक्षकों की शिकायतें विभाग को मिल रही हैं। विभागीय जांच में आरोप की पुष्टि होने पर फर्जी शिक्षकों को बर्खास्त किया जा रहा है। शिक्षण व्यवस्था को खोखला करने वाले शिक्षकों को बख्शा नहीं जाएगा।
- बीएन सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी