भारत नेपाल सीमा के सरहदी गांव कैलास नगर में एसएसबी और पुलिस टीम ने एक मकान में संयुक्त रूप से छापा मारा। डॉग स्क्वायड टीम की मदद से मादक पदार्थ, भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद की। साथ ही मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब चार करोड़ रुपए आंकी है।
रविवार को कोतवाल सोनौली विजय कुमार सिंह और एसएसबी 66 वाहिनी डिप्टी कमांडेंट रितेश कुमार ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से बातचीत की। बताया कि शनिवार की रात मुखबिर की सूचना पर कोतवाली क्षेत्र के कैलाश नगर हबीब मोहम्मद के घर संयुक्त रूप से छापा मारा गया।
उसके घर से मादक पदार्थ हेरोइन 384 ग्राम, मेथाकालोने 60 ग्राम, 15 हजार रुपए नेपाली और 5300 भारतीय रुपया बरामद हुआ। कारोबार में लिप्त जदरुन निशा पत्नी हबीब, रमजान, हद्दीश और सद्दीस को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि यह पूरा परिवार कई वर्षों से मादक पदार्थ के कारोबार में संलिप्त रहा है। हबीब कई बार जेल जा चुका है। अभी वह फरार है। यह सरहद के बढ़े कारोबारी हैं। सभी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
काका डॉग स्क्वायड अहम भूमिका
डिप्टी कमान्डेंट रितेश कुमार ने बताया कि डॉग स्क्वायड टीम के काका ने छापा मारने के दौरान अहम भूमिका निभाई है। आरोपी ने घर के कोने कोने में मादक पदार्थ छिपा रखा था। जिसे काका ने ढूंढ निकाला।