प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी
पीपीगंज (गोरखपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर अनुसूचित समुदाय की महिला के साथ ठगी की गई है। जालसाज ने फोन के जरिए खाता नंबर देकर उसमें महिला से रुपये जमा करा लिए। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जालसाजी करने वाले के तार लखनऊ, कानपुर और मुंबई से जुड़ा पाया गया है।
पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो निवासी फूला देवी पति रामआसरे की मौत के बाद किसी तरह चार पुत्रियों की शादी कर चुकी हैं। अभी दो बेटियां उनके साथ रहती हैं। फूला देवी दूसरे लोगों के घरों में बर्तन साफ कर करती हैं। उसके बदले मिलने वाली रकम से उनका जीविकोपार्जन होता है। आर्थिक संकट के चलते फूला को पांचवीं बेटी को कक्षा आठ के बाद पढ़ाई बंद करानी पड़ी। उनका मकान जर्जर हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ पाने के लिए कुछ माह पूर्व आवेदन किया था। गुरुवार को फूला देवी के मोबाइल फोन पर एक नंबर से कॉल करके पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने दिलाने के नाम पर 32604494702 खाता नंबर देकर 3500 रुपये की मांग की गई। फूला ने अपने गहने गिरवी रखकर शुक्रवार को उसी खाते में 3500 रुपये पीपीगंज स्थित एसबीआई के सहज जनसेवा केंद्र से भेजा। उसके बाद पुन: शनिवार को जालसाज ने उसी खाते में 7500 रुपये और भेजने की मांग की। फूला ने नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा प्रसाद जायसवाल को जानकारी दी। तब उन्हें ठगी की जानकारी हुई। उसके बाद फूला ने थाने में तहरीर दी। साथ ही मुख्यमंत्री के जन सुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा प्रसाद जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का आवेदन करने वालों को किसी के भी बहकावे में नहीं आना चाहिए। यदि आवास दिलाने के नाम पर कोई धनउगाही करता पाया गया और शिकायत मिली तो उस पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। दूसरी ओर थानाध्यक्ष बीबी राजभर ने बताया कि जांच शुरू हो गई है। मोबाइल और खाता नंबर की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया इसमें किसी बड़े रैकेट का हाथ लग रहा है, क्योंकि खाता लखनऊ के पते पर है। उसमें से रकम की निकासी कानपुर और मुंबई में की गई है।