गोरखपुर जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में व्यापारी समेत चार लोगों की मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। जगदीशपुर प्रतिनिधि के मुताबिक कुसम्ही के पास दो कार में आमने-सामने की भिड़त हुई है।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग घायल है। जगदीशपुर कस्बा निवासी बालकृष्ण वर्मा (33) भाई के साले को छोड़ने के लिए गोरखपुर आए थे। इनके साथ ही गांव के मार्कंडेय शर्मा और कोनी निवासी धर्मेंद्र भी गए थे। सभी बोलेरो से गोरखपुर में रिश्तेदार को छोड़कर वापस लौट रहे थे कि कुसम्ही के पास कुशीनगर से आ रही कार से आमने सामने की टक्कर हो गई।
हादसे में सर्राफा कारोबारी बालकृष्ण वर्मा और धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कुशीनगर से आ रहे बोलेरो सवार अंसारी अली और मार्कंडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। बालकृष्ण की जगदीशपुर कस्बे में दुर्गा वस्त्रालय एवं ज्वेलर्स नाम से दुकान हैं। धर्मेंद्र विदेश में रहता था और होली के त्योहार में शामिल होने के लिए पंद्रह दिन पहले ही घर आया था।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि से मिली एक अन्य खबर के मुताबिक कस्बे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक सवार की पहचान संतकबीरनगर, मेंहदावल निवासी लक्ष्मण (35) के रूप में हुई है। सहजनवां प्रतिनिधि के मुताबिक डोहरिया कला के पास अनियंत्रित कार बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में पाली निवासी सोनू सिंह (21) की मौत हो गई। जबकि कार सवार संजय गिरी, आदित्य सिंह, सुधीर गिरी गंभीर से घायल हो गए। सभी एक ही गांव के निवासी थे। सहजनवां किसी से मिलने आए थे और बुधवार की शाम घर लौटते समय हादसा हो गया।