भानपुर में फैनी चक्रवात के प्रभाव से शुक्रवार दोपहर करीब डेढ बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी बीच बिजली गिरने से चपेट में आए मछुआरे की मौत हो गई।
सोनहा थाना क्षेत्र के डिडईमाफी गांव के 39 वर्षीय पतिराम गौतम घर से थोड़ी दूर स्थित चिरई बुजुर्ग गांव के तालाब में उस समय मछली के लिए कटिया लगाने गया था। तेज हवा और बारिश के बाद भी जब पतिराम घर नहीं पहुंचे तो बच्चों ने खोजना शुरू किया।
बड़ी बेटी लक्ष्मी खोजते हुए तालाब के पास पहुंची तो पतिराम अचेतावस्था में पड़े थे। कई बार बुलाने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो वह रोती हुई घर पहुंची और पूरी जानकारी मां गुडिया को दी।
थोडी ही देर में गांव सहित आस-पास के गांवों की भारी भीड़ घटना स्थल पर जुट गई। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना असनहरा चौकी इंचार्ज योगेश सिंह व प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा को दी। साथ ही तहसील प्रशासन को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया। इस बारे में एसडीएम राजेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जो भी संभव सहायता होगी दिलाई जाएगी।