हादसे में घायल व्यक्ति की गई जान
अमर उजाला ब्यूरो
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना के ग्राम सिसवा खुर्द के अमडीहा में चार पहिया वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार व्यक्ति घायल हो गया। घायल की लखनऊ में इलाज के दौरान बुधवार की रात मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने पुलिस को तहरीर देकर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम कुइयां निवासी मोहम्मद रजा तीन अगस्त को साइकिल से चूड़ी बेचने जा रहे थे। रास्ते में वह सिसवा खुर्द के अमडीहा में पहुंचे, तभी पीछे से आ रही बेलेरो की चपेट में आने से घायल हो गए। सिर में चोट लगने के कारण गंभीर रूप से घायल मोहम्मद रजा को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से रेफर होने के बाद इलाज के लिए लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार की रात मौत हो गईं। उनके पुत्र बख्शीश अली ने पुलिस को तहरीर देकर गाड़ी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक रामदवन मौर्य ने कहा कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।