ब्रह्मपुर ब्लाक के पुरनहा गांव में 2.77 लाख रुपये का घोटाला पकड़ में आया है। डीएम ओएन सिंह ने गांव की पूर्व प्रधान संजू और ग्राम पंचायत सचिव राज कुमार के खिलाफ आरसी जारी करते हुए उनसे आधी-आधी रकम की वसूली का निर्देश दिया है। उन्होंने पखवारे भर के भीतर जिला विकास अधिकारी और एसडीएम चौरीचौरा को यह रकम वसूलने और उसे डीपीआरओ को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
दरअसल गांव के ही शिव प्रसाद पांडेय ने गांव की प्रधान और सेक्रेटरी पर वित्तीय अनियमितता का गंभीर आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर सीडीओ ने डीआरडीए के सहायक अभियंता गोविंद मिश्र से मामले की जांच कराई थी। इसमें प्रधानमंत्री सड़क से प्राथमिक पाठशाला पलिया तक खड़ंजा व मिट्टी भराई के कार्य में धन का अपवंचन पाया गया। इसी तरह टोला पकड़ियार में भी खड़ंजा मरम्मत और कुर्ला नाले के निर्माण में भी धांधली पकड़ में आई। आकलन के बाद 277400 रुपये का अपवंचन पाया गया। इसपर डीएम ने जिला विकास अधिकारी को पंचायत सेक्रेटरी और एसडीएम को पूर्व प्रधान से आधी-आधी रकम वसूल कर डीपीआरओ को देने का निर्देश दिया।