गोरखपुर। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने जिले के प्राथमिक , माध्यमिक व उच्च शिक्षा से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि कक्षा 5 में सौ फीसदी उत्तीर्ण का लक्ष्य प्राप्त करने वाले प्रत्येक प्राथमिक विद्यालयों को 10 हजार रुपये, कक्षा 8 के लिए 15 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसी तरह कक्षा 10 से 11वीं में सौ फीसदी उत्तीर्ण का लक्ष्य प्राप्त करने वाले प्रत्येक सेकेंडरी स्कूल को 20 हजार रुपये तथा 10वीं की राज्य बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक पाने वाली जिले की 10 छात्राओं को पांच हजार रुपये व 12वीं की बोर्ड परीक्षा में सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाली 10 छात्राओं को 20 हजार रुपये का पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देने की योजना है।
डीएम ने यह पहल सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बेटी बचाओ, पढ़ाओ पढ़ाओ अभियान की समीक्षा के दौरान की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर गांव-गांव में लोगों को भ्रूण हत्या पर रोक, बेटियों की शिक्षा और बेटियों के जन्म पर खुशी मनाने के लिए जागरूक करने को कहा। विभाग खुद भी कार्यक्रम आयोजित कर बेटियों के जन्म पर मिठाई और गौरव सम्मान पत्र वितरित करें। वहीं डीएम ने पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत भ्रूण जांच की सूचना देने वालों को भी पुरस्कार देने का निर्देश दिया।