आंधी के कारण शहर के कई इलाकों के बिजली के खंभे धाराशायी हो गए।
- फोटो : shivharsh
सप्ताह भर के भीतर दूसरी बार आई आंधी ने एक बार फिर पूरे शहर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त कर दी। आधे से अधिक शहर में जहां शुक्रवार की आधी रात के बाद से शनिवार की दोपहर तक बिजली नहीं रही वहीं बक्शीपुर और तारामंडल उपकेंद्र से जुड़े हजारों घराें में कोहराम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इन इलाकों में 20 घंटे से अधिक देर तक बिजली नहीं रहने से जहां इन्वर्टर दगा दे गए तो वहीं दोपहर होते-होते पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया। लोगों ने पानी खरीद कर अपनी प्यास बुझाई।
दरअसल बारिश के पहले आई आंधी की वजह से शहर में जहां करीब 50 खंभे टूट गए वहीं करीब दो किलोमीटर बिजली का तार भी टूट गया। पहले तो महकमे ने एहतियातन शटडाउन लिया मगर जब आपूर्ति बहाल की गई तो तमाम इलाकों में बिजली ही नहीं पहुंची। इसी बीच बरहुआ में 11 बजे सप्लाई फेल हो जाने से राप्तीनगर, मेडिकल, सूरजकुंड, विकासनगर, दुर्गाबाड़ी, इंडस्ट्रीयल एरिया, रुस्तमपुर, नार्मल और लालडिग्गी आदि इलाकों में बिजली कट गई।
हालांकि शाम करीब चार बजे तक इन सभी इलाकों में आपूर्ति बहाल हो गई मगर पैडलेगंज के पास तार टूटने की वजह से बक्शीपुर और तारामंडल इलाके की बिजली करीब 20 घंटे तक लगातार कटी रही। मोहल्लों के जिन घरों में हैंडपंप लगे थे वहां आस-पड़ोस के कई घरों के लोगों का जमावड़ा लगा रहा। दोनों ही उपकेंद्रों पर कई बार उपभोक्ताओं और महकमे के कर्मचारियों के बीच नोंकझोंक हुई।