सूर्य विहार कॉलोनी में रविवार सुबह 11 बजे हवा के झोंके से जर्जर बिजली का पोल टूटकर मानसरोवर मंदिर की बाउंड्रीवाल पर गिर गया। इससे तीन अन्य पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए। तारों के आपस में सटने से तड़तड़ाहट के साथ चिंगारी निकलने लगी। इससे आसपास के घरों में हड़कंप मच गया। आननफ ानन लोगों ने सबस्टेशन फोन कर बिजली कटवाई। संजोग ठीक था जो बड़ा हादसा न हुआ। सूचना पर पहुंचे बिजलीकर्मियों ने तत्काल पोल बदलने की कवायद शुरू की। करीब सात घंटे बाद शाम छह बजे बिजली बहाल हो सकी।
स्थानीय निवासी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मानसरोवर मंदिर के पास लगा खंभा जर्जर था। तेज पछुआ हवा चलने से खंभा टूटकर मानसरोवर मंदिर की बाउंड्री पर जा गिरा। मोहल्ले में दर्जनों खंभे नीचे से सड़ चुके हैं। वह कभी भी गिर सकते हैं। विभाग को सूचना देने के बाद भी अब तक इन खंभों को नही बदला गया। खंभा टूटने से सुबह से शाम तक बिजली गुल रही। इससे लोगों को काफ ी मुश्किल उठानी पड़ी। अवकाश का दिन होने से बच्चे और नौकरीपेशा लोग भी घर पर ही थे। सभी गर्मी से बेहाल रहे। बच्चे न पढ़ाई कर सके और न मनोरंजन। बिजली निगम की लापरवाही से संडे की छुट्टी का बेकार हो गई।