एआरटीओ प्रवर्तन चालान काटते हुए
- फोटो : mahesh kumar
परिवहन विभाग की चेकिंग टीम ने डग्गामार टेंपो ट्रैवलरों के खिलाफ मंगलवार से अभियान छेड़ दिया। चेकिंग टीम ने आठ टेंपो ट्रैवलर, आठ बसें, 18 ओवरलोड ट्रक और 11 टेंपो सीज किए। चेकिंग टीम की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। रेलवे स्टेशन पुलिस चौकी के सामने से हो रही डग्गामारी पूरे दिन बंद रही।
अमर उजाला में मंगलवार के अंक में परमिट का खेल कर टेंपो ट्रैवलरों की डग्गामारी की खबर प्रकाशित होते ही परिवहन विभाग की चेकिंग टीम एक्शन में आ गई। आरटीओ प्रवर्तन डॉ. एके गुप्ता के निर्देश पर एआरटीओ प्रवर्तन राकेश सिंह, संदीप कुमार पंकज, संदीप कुमार जायसवाल और यात्री कर अधिकारी संदीप ने मंगलवार की सुबह रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान छेड़ दिया।
परिवहन विभाग की कार्रवाई से डग्गामार टेंपो ट्रैवलर और निजी बस संचालकों में हड़कंप मच गया। चेकिंग टीम ने वाहनों सीज कर पुलिस यार्ड, कैंट थाने भेज दिया।
यह हुई कार्रवाई
चेकिंग टीम ने आठ बड़ी बसें जिसमें एक बस पर चार लाख 11 हजार रुपये बकाया था, रेलवे स्टेशन पुलिस चौकी के सामने से आठ टेंपो ट्रैवलर, 18 ओवरलोड ट्रक, 11 टेंपो जिसमें छह काले और पांच हरे रंग के टेंपो को सीज किया।
लखनऊ, फैजाबाद और बस्ती में भी हड़कंप
परिवहन विभाग गोरखपुर की चेकिंग टीम का असर अन्य जिलों में भी देखने को मिला। आरटीओ प्रवर्तन डॉ. एके गुप्ता ने लखनऊ, फैजाबाद और बस्ती आरटीओ से फोन से बातचीत कर अभियान चलाने के संबंध में जानकारी ली।
अभियान लगातार चलता रहेगा। रोडवेज के दो एआरएम के साथ परिवहन विभाग की चेकिंग टीम डग्गामार वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. एके गुप्ता, आरटीओ प्रवर्तन