रविवार को दोपहर से आसमान में छाए बादल रात में बरस पड़े। बूंदाबांदी और हल्की बारिश के बीच रुक रुककर चलीं हवाओं से ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने सोमवार को भी हल्की बारिश और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
शाम को बूंदाबांदी के बाद कुछ देर हल्की बारिश भी हुई। इस बीच हवाएं भी चलीं और मौसम सर्द हो गया। मौसम वैज्ञानिक शफीक अहमद के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम बदला है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान नीचे आएगा और दिन में ठंड महसूस होगी लेकिन मंगलवार से आसमान साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी। रविवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
सरसों को माहो कीट से खतरा
मौसम में नमी बढ़ने और धूप निकलने के बाद सरसों की फसल को माहो कीट से खतरा बढ़ गया है। इस कीट के लिए यह मौसम अनुकूल है। कृषि वैज्ञानिक डॉ एसके तोमर की सलाह है कि माहो से बचाव के लिए मिर्चा पाउडर का घोल बनाकर छिड़काव करें। इससे माहो का प्रकोप कम होगा। अगर फसल में माहो आ रहे हैं तो खेत में जगह-जगह बल्ली के सहारे पीली पन्नी पर ग्रीस या चिपकने वाला पदार्थ लगा सकते हैं। पन्नी पर बैठते ही माहो चिपक जाएंगे, इससे काफी राहत मिलेगी।