नगर में अब भी जगह-जगह दिखाई दे रहे गंदगी के ढेर
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
नेशनल हाइवे के किनारे कूड़ा गिराने वाले नगर निगम के ड्राइवरों की सेवा समाप्त होगी। कमिश्नर की सख्ती के बाद नगर आयुक्त ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। साथ ही शनिवार को सुबह से लेकर शाम तक यहां गिराए गए कूड़ा को समतल करने के बाद डस्टिंग की गई।
शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान कमिश्नर अनिल कुमार को पैडलेगंज चौक से ट्रांसपोर्ट नगर तक पैडलेगंज चौक, माउंट लिटरा स्कूल मोड़ के पास, इंदिरा नगर तिराहा, गोपलापुर चौराहा समेत आठ स्थानों पर कूड़े का अंबार मिला। दरअसल, नगर निगम की ओर से नेशनल हाइवे के किनारे इन सभी स्थानों पर कूड़ा डंप किया जा रहा था। इस वजह से यहां कूड़े का अंबार लगा हुआ था, जबकि रिहायशी इलाके में कूड़ा गिराने पर पूरी तरह से रोक है। इसके बाद भी यहां कूड़ा गिराने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई तो निगम के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को हाइवे किनारे पड़े कूड़े को समतल कराने के बाद डस्टिंग कराई। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने हाइवे के किनारे कूड़ा गिराने पर सख्ती से रोक लगाने संबंधी आदेश जारी कर दिया।
- हाइवे के किनारे कूड़ा गिराने पर पूरी तरह से रोक लगी हुई है। नगर आयुक्त ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि निगम की कूड़ा गाड़ियों का कोई ड्राइवर अगर हाइवे के किनारे कूड़ा गिराते हुए पाया जाता है तो उसकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
-पीएन गुप्ता, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक
खराब सफाई पर सुपरवाइजर सस्पेंड
नवरात्र के मौके पर भी अलीनगर में दुर्गाबाड़ी के पास खराब सफाई व्यवस्था की वजह से सुपरवाइजर निलंबित कर दिया गया है। अलीनगर के पार्षद की शिकायत के बाद मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह और मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक पीएन गुप्ता निरीक्षण के लिए पहुंचे। वहां काफी गंदगी मिलने के साथ ही सुपरवाइजर विश्वजीत का मोबाइल बंद मिला। पीएन गुप्ता ने बताया कि सुपरवाइजर की इस लापरवाही की जानकारी मिलने के बाद नगर आयुक्त ने सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया है।
निरीक्षण के दौरान जुलूस रोड पर इंतजार करते रह गए
शुक्रवार को कमिश्नर जब निरीक्षण पर निकले तो जानकारी मिलने के बाद मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश कुमार सिंह और मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पीएन गुप्ता जुलूस मार्ग (बगहा बाबा रोड) पर इंतजार करते रहे। वहीं, कमिश्नर चिल्मापुर रोड पर निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान नगर निगम के नाला गैंग की ओर से आजाद चौक से फुलवरिया रोड पर नाले की सफाई कराई जा रही थी।