पालतू कुत्ते ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया।
- फोटो : अमर उजाला
लार। बिहार जा रही एक ट्रक को रोककर तलाशी लेना पुलिसवालों को महंगा पड़ गया। चेकिंग कर रहे पुलिस के जवानों पर ट्रक के अंदर मौजूद कुत्तों ने हमला बोल दिया। पुलिस वालों ने भाग कर अपनी जान बचाई। जांच में पता चला की ट्रक में किसी अफसर के तबादला होने के बाद उसके घर का सामान जा रहा था। उसमें कुत्ते भी मौजूद थे।
कुत्तों और भाग रहे पुलिस कर्मियों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। मेहरौना चेकपोस्ट पर तैनात सिपाही मंगलवार की देर रात दिव्यशंकर राय और दीपक यादव बिहार जा रहे वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे।
इसी बीच काले तिरपाल से ढकी हरियाणा की ट्रक देखकर एक मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस बैरियर गिराकर ट्रक आने का इंतजार करने लगी। ट्रक के चेकपोस्ट पर पहुंचने पर सिपाही तलाशी के लिए चढ़ गए। जैसे ही पुलिस ने तिरपाल हटाया अंदर से दो डाबरमैन कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया। किसी तरह से सिपाहियों ने अपना बचाव किया।
इसके बाद ट्रक में आगे बैठे कुत्तों के केयरटेकर ने उन्हें संभाला। शक होने पर सिपाहियों ने कुत्तों को बाहर निकलवा कर ट्रक की तलाशी ली। पता चला की किसी अफसर का तबादला मेरठ से पटना हुआ है। वही घरेलू सामान लेकर ट्रक पटना जा रही थी। इस बाबत चौकी इंचार्ज योगेंद्र यादव ने बताया कि वाहनों की जांच नियमित की जाती है।