संयुक्त जिला चिकित्सालय में मंगलवार को एक सर्जन की लापरवाही से पांच महिलाओं की जान पर खतरा मंडराने लगा। हुआ यूं कि जिला अस्पताल के सर्जन डॉक्टर संजीत मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्र से आई पांच महिलाओं की नसबंदी के लिए ऑपरेशन किया था। दोपहर बाद ऑपरेशन करके डॉक्टर बिना टांका लगाए ही चले गए।
कुछ देर बाद जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। इसके बाद सीएमओ डॉक्टर हरगोविंद सिंह व सीएमएस डॉक्टर पंकज टंडन मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी एडी हेल्थ बस्ती को दी गई।
इसके बाद बस्ती जिले में तैनात सर्जन डॉक्टर एसआर कनौजिया को बुलाकर टांका लगवाने का आश्वासन दिया। इसको लेकर काफी देर तक अस्पताल में गहमा-गहमी बनी रही। डॉक्टर कनौजिया ने समय रहते पहुंचकर महिलाओं को टांके लगाए।
सीएमओ डॉक्टर हरगोविंद सिंह व सीएमएस डॉक्टर पंकज टंडन ने कहा कि सर्जन की इस लापरवाही से एडी हेल्थ को अवगत कराया गया। तत्काल बस्ती से डॉक्टर एसआर कनौजिया को बुलाकर महिलाओं को टांके लगवाए गए। सभी महिलाओं की हालत खतरे से बाहर है, अभी वे निगरानी में ही रखी गई हैं।