छात्रों के हमले में घायल रेस्टोंरेंट का मैनेजर
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन रोड स्थित न्यू मिर्च मसाला रेस्टोरेंट में खाने के बाद रुपये के भुगतान के लिए सोमवार शाम को गोरखपुर यूनिवर्सिटी हॉस्टल के छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया। तोड़फोड़ करने के साथ ही रेस्टोरेंट के मैनेजर आकाश की आंख फोड़ दी और एक अन्य कर्मचारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। भीड़ ने तीन लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसी बीच सौ से ज्यादा छात्र सड़क पर आ गए । रेस्टोरेंट में फिर तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। रास्ते में रोडवेज यात्रियों के साथ भी अभद्रता की। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उधर, घटना के बाद नाराज छात्रों ने हॉस्टल के सामने यूनिवर्सिटी चौराहे से मोहद्दीपुर जाने वाले रास्ते पर जाम लगा दिया। वे छात्रों के रिहाई की मांग कर रहे थे। इसी दौरान एक छात्र ने पत्थरबाजी कर दी, जो सीओ कोतवाली के गनर को लगा। पुलिस ने छात्रों को सड़क से खदेड़कर आवागमन शुरू कराया।