सरकारी वेतन पर प्राइवेट प्रेक्टिस करने का आरोप तो कोई नई बात नहीं है मगर बुधवार को इसकी हकीकत सामने आ गई। स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकीय व्यवस्था का हाल जानने निकले सीएमओ को सरकारी अस्पतालों में ताले लटकते मिले तो प्राइवेट क्लीनिक गुलजार मिली।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर सीएमओ ने दो डॉक्टरों के प्राइवेट क्लीनिक पर छापा मारा। वहां डॉक्टर तो नहीं मिले मगर लेटर हेड और कागजात के आधार पर इसकी पुष्टि हो गई है। सीएमओ ने कार्रवाई के लिए डिप्टी सीएमओ को जांच कर एक हफ्ते में रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है। साथ ही गैरहाजिर रहने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार की सुबह 9:30 बजे सीएमओ बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां न तो डॉक्टर थे और न ही कर्मचारी। सभी डॉक्टरों के कमरे में ताले लगे थे। यही नहीं, सीएचसी होने के बावजूद यहां पर एक भी मरीज भर्ती नहीं थे। स्थानीय लोगों ने दो डॉक्टरों, सीएचसी के अधीक्षक डॉ. वीके राय और डॉ. शिवमुनि राम के प्राइवेट प्रेक्टिस करने की शिकायत की।
दोनों ही डॉक्टरों की क्लीनिक पास में ही होने की जानकारी पर सीएमओ ने तत्काल दोनों जगह छापा मारा। यहां डॉक्टर तो नहीं मिले मगर सीएमओ ने जांच की तो लेटर हेड और कागजात पर डॉक्टरों के नाम मिले। सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. एनके पांडेय को जांच का आदेश देते हुए एक हफ्ते में रिपोर्ट मांगी है।
इसके बाद सीएमओ ने नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार का निरीक्षण किया। करीब साढ़े दस बजे यहां अस्पताल का ताला ही नहीं खुला था। इसके अलावा हाटा बुजुर्ग, कौड़ीराम, गगहा स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। हाटा में डॉक्टर पोस्टमार्टम ड्यूटी पर थे। गगहा और कौड़ीराम में डॉक्टर ड्यूटी पर थे, मगर कर्मचारी गैरहाजिर।
यह गैरहाजिर मिले डॉक्टर-कर्मचारी
बड़हलगंज सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके राय, डॉ. अवनीश त्रिपाठी, डॉ. सीबी सिंह, डॉ. शिवमुनि राम, डॉ. शैलेश कुमार पांडेय, डॉ. अजबीया जावेद, कर्मचारी आशा कुमारी, कमलेश, पूजा राय, सुमन उमर वैश्य, इंद्रावती, रवींद्र मौर्य, हरिहर प्रसाद, डीएन तिवारी, नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार में डॉ. जगदंबा पांडेय, फार्मासिस्ट रामानंद, मीरा राय, हाटा बुजुर्ग पीएचसी, गगहा और कौड़ीराम में कर्मचारी गैरहाजिर थे।
प्राइवेट प्रेक्टिस करने का आरोप दो डॉक्टरों पर लगा है। इसके जांच के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा जो भी डॉक्टर और कर्मचारी गैरहाजिर मिले हैं, उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही गैरहाजिर वाले दिन का वेतन बाधित करने का आदेश दिया गया है।
- डॉ. रवींद्र कुमार, सीएमओ