राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयोजित होने वाले मिशन इंद्रधनुष अभियान की सुस्ती पर डीएम ओएन सिंह ने नाराजगी जताते हुए सीएमओ को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बुधवार को विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य और बिजली पर विशेष रुप से संजीदा है। इन दोनों योजनाओं पर शासन की सीधी नजर है। ऐसे में इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पिछले अभियान के दौरान भटहट में टीकाकरण कम होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सीएमओ को वहां तैनात पर्यवेक्षकों पर कार्रवाई का निर्देश दिया और कहा कि वह इसकी नियमित मानीटरिंग करें और अगर कहीं भी लापरवाही मिले तो संबंधित के खिलाफ एक्शन लें।
समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी पीएचसी और सीएचसी के प्रभारी चिकित्सकों को भी निर्देश दिया कि वे टीकाकरण के प्रत्येक सत्र से पहले आशा और एएनएम से दो साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सूची बनवा लें। इसके लिए आशा और एएनएम की जिम्मेदारी तय की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार को ब्लॉकों में होने वाली बैठक की रिपोर्ट उन्हें भेजी जाए।
बैठक में सीडीओ डा. मन्नान अख्तर, सीएमओ रवींद्र कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी वाईबी विश्वकर्मा, सहित सभी प्रभारी चिकित्सक एवं बाल विकास के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।